महुगढ़ी के मुरलिया जंगल में पलाश पेड़ से लटकता मिला युवक का शव, परिजनों में कोहराम
मीरजापुर : ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के महुगढ़ी गांव के मुरलिया जंगल में शनिवार सुबह पलाश के पेड़ में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक शव लटकता मिलने की सूचना पर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। जंगल में मवेशियों को चराने गए चरवाहों ने युवक का पलाश के पेड़ से लटकता शव दिखाई देने पर ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। सूचना पर सुबह 11 बजे के करीब जंगल में पहुंचे थानाध्यक्ष भारत सुमन एसआई विनोद सिंह, एसआई शिवाकांत पांडेय,पुनीत गुप्ता ने घटना की जांच करते हुए पेड़ पर लटकते शव को नीचे उतरवाया। युवक का शव पलाश के पेड़ पर जमीन से करीब दस फीट ऊपर नायलान की रस्सी से लटक रहा था। मृतक युवक की शिनाख्त पंचराज उर्फ निरहू निवासी अंतरी सिकटा के रूप में हुई।पलाश के पेड़ के नीचे पुलिस को एक बैग मिला जिसमें मृतक ने अपने कपड़े रखे थे।हलिया क्षेत्र के सिकटा ग्राम पंचायत के अंतरी गांव निवासी राजू वर्मा का 22 वर्षीय पुत्र पंचराज उर्फ निरहू शुक्रवार शाम को बाइक से अपने ननिहाल महुगढ़ी गांव आया था। जहां कुछ देर रूकने के बाद ननिहाल में अपनी बाइक खड़ी कर अपने मामा भगवादास से यह कहकर निकला कि आर्केस्ट्रा में काम करने जा रहे हैं। शनिवार सुबह ननिहाल से तीन किलोमीटर दूर मुरलिया पहाड़ के जंगल में पेड़ से लटकता शव मिलने की सूचना पर ननिहाल में मातम छा गया। युवक ने जंगल में पहुंचकर गले में फंदा लगाकर जान क्यों दी ननिहाल पक्ष के लोगों को कुछ समझ में नही आ रहा है। बेटे की मौत की खबर पाकर पिता राजू और मां अमरावती देवी रोते-बिलखते हुए महुगढ़ी गांव पहुंची। युवक पांच बहनों में सबसे बड़ा और अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। स्वजनों ने बताया कि मृतक अविवाहित था और आर्केस्ट्रा में नर्तक का कार्य करता था। वहीं महुगढ़ी गांव से करीब तीन किलोमीटर दूर जंगल में फंदे से लटका शव मिलने पर तरह तरह की चर्चाएं हो रही हैं। थानाध्यक्ष भारत सुमन ने बताया कि ननिहाल में आए युवक ने जंगल में पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर लिया है।प्रथम दृष्टया मामला आत्म हत्या का प्रतीत हो रहा है। युवक ने पलाश के पेड़ की डाली में नायलान की रस्सी से गले में फंदा लगाकर जान दे दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।घटना की बारीकी से जांच की जा रही है। क्षेत्र के देवहट गांव के हरदी जंगल में बीते 1 फरवरी को देवहट गांव के खरका बस्ती निवासी दुलारमनि कोल का भी संदिग्ध परिस्थितियों में पलाश के पेड़ से लटकता शव मिला था। लेकिन आज तक इस घटना का पुलिस खुलासा नही कर सकी।
रिपोर्टर : अंकित मिश्रा


No Previous Comments found.