लाइसेंसी पिस्टल छीनकर भागने वाले फरार चल रहे दूसरे युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल

मड़वा धनावल गांव में बुधवार की रात विवाद के दौरान आर्केस्ट्रा प्रबंधक की लाइसेंसी पिस्टल छीनकर भाग निकले थे मनबढ़ युवक 

मिर्जापुर-ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के मड़वा धनावल गांव में बीते बुधवार की रात बरात में आर्केस्ट्रा शुरू करने को लेकर हुए विवाद में आर्केस्ट्रा प्रबंधक की लाइसेंसी पिस्टल छीनकर भागने वाले फरार चल रहे दूसरे मनबढ़ युवक को पुलिस ने रविवार को खुटहा गांव स्थित नदी के पास से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।इस मामले में पुलिस ने शुक्रवार को मड़वा धनावल गांव से इंद्रवार गांव निवासी किरन उर्फ अर्जुन को लाइसेंसी पिस्टल और कारतूस के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं पुलिस को देखकर उसके दो साथी पवांरी कलां निवासी अमित कुमार व अमदह गांव निवासी रोहित मौके से भागने में कामयाब हो गए थे। पुलिस दोनों आरोपितों की तलाश में जुटी थी जहां मुखबिर की सूचना पर थानाध्यक्ष ड्रमंडगंज भारत सुमन ने पुलिसकर्मियों संग अमित कुमार निवासी पवांरी कलां थाना हलिया को गिरफ्तार कर लिया।मड़वा धनावल गांव में बुधवार की रात आई बरात में आर्केस्ट्रा शुरू करने को लेकर हुए विवाद के दौरान मनबढ़ युवकों ने आर्केस्ट्रा प्रबंधक की लाइसेंसी पिस्टल छीन लिया था और मौके से भाग निकले थे।इस मामले में गुरुवार को आर्केस्ट्रा प्रबंधक सौरभ जायसवाल निवासी बल्ली का अड्डा थाना कोतवाली कटरा ने अज्ञात के विरुद्ध लाइसेंसी पिस्टल और 6 कारतूस चोरी होने का मुकदमा दर्ज कराया था। थानाध्यक्ष भारत सुमन ने बताया कि फरार चल रहे दूसरे आरोपित अमित कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। फरार चल रहे तीसरे आरोपी रोहित की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.