पूर्व सांसद पंडित उमाकांत मिश्रा की मनाई गई पुण्यतिथि।
मिर्जापुर : हलिया विकास खंड क्षेत्र के कठार (बेलन बरौंधा) गांव में बृहस्पतिवार को पूर्व सांसद पंडित उमाकांत मिश्र की बारहवीं पुण्यतिथि मनाई गई। इस दौरान उनकी स्मृति में श्रद्धांजलि सभा के साथ विचार गोष्ठी का भी आयोजन किया गया। चचेरे भाई देवदत्त मिश्र व भतीजे शशिदेव मिश्र तथा इंद्रदेव मिश्र द्वारा दीप प्रज्वलन व पुष्पांजलि निवेदित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद कार्यक्रम की शुरुआत हुई। विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष व बरिष्ठ कांग्रेस नेता भगवती प्रसाद चौधरी ने कहा कि बहुमुखी प्रतिभा संपन्न पूर्व सांसद पंडित उमाकांत मिश्र जीवन पर्यंत सर्व धर्म समभाव की राजनीति करते रहे। बताया कि उन्होंने सांसद रहते हुए दिल्ली की लोकसभा में विशुद्ध संस्कृत भाषा में लंबा भाषण देकर सबको चकित कर दिया था। बसपा नेता जगत शास्त्री ने कहा कि पंडित उमाकांत मिश्र विलक्षण प्रतिभा के धनी थे। कहा कि उनका संपूर्ण जीवन लोकहित के लिए समर्पित था। कांग्रेस नेता राजेश नारायण तिवारी ने कहा कि पंडित जी सेवा और समर्पण की राजनीति करते थे। कहा कि उन्होंने राजनीति को कभी भी उपभोग की वस्तु नहीं समझा। अखिलेश्वर त्रिपाठी ने कहा कि सर्व समाज की चिंता करने वाले पूर्व सांसद पंडित उमाकांत मिश्र के प्रयास से ही अदवा, मेजा तथा बरौंधा जलाशय का निर्माण संभव हुआ। अमिताभ पांडेय ने कहा कि पंडित उमाकांत मिश्र का सादगी पूर्ण राजनैतिक जीवन आज के राजनीतिज्ञों के लिए अनुकरणीय है। कार्यक्रम संयोजक यूथ कांग्रेस पूर्वी उत्तर प्रदेश के महासचिव अनुराग मिश्र ने सभी के प्रति आभार प्रकट किया। हलिया, लालगंज, छानबे तथा नगर क्षेत्र से बड़ी संख्या में आए हुए लोगों ने उनको श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान अनुराग मिश्रा, धीरज मिश्रा, प्रदुम्न तिवारी, पीयूष शुक्ला, विवेक मिश्रा, अधिवक्ता जेपी तिवारी, विनय दुबे, पिंटू चौबे, सोनू सिंह, सुशील पटेल, राम लाल सरोज आदि मौजूद रहे।
रिपोर्टर : अंकित मिश्रा

No Previous Comments found.