गैस सिलिंडर लदा ट्रक अनियंत्रित होकर पलटा,चालक गंभीर रूप से घायल

मिर्जापुर : ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के गलरिया गांव में बुधवार सुबह साढ़े नौ बजे के करीब गैस सिलिंडर लदा ट्रक अनियंत्रित होकर इंटरलांकिंग सड़क से तीन फीट नीचे जाकर पलट गया। मौके पर पहुंचे गैस गोदाम के कर्मचारी महेश कोल ने ग्रामीणों के सहयोग से घायल ट्रक चालक को किसी तरह ट्रक से बाहर निकाला। क्षेत्र के नीरज इंडेन गैस एजेंसी बबुरा कलां का गलरिया गांव में गैस गोदाम बनाया गया है। बुधवार सुबह वाराणसी से 342रसोई गैस सिलिंडर लादकर गैस गोदाम पर उतारने के लिए जा रहा ट्रक जैसे ही गैस गोदाम से दो सौ मीटर पहले इंटरलांकिंग सड़क के मोड़ पर पहुंचा तो इंटरलांकिंग सड़क क्षतिग्रस्त होने के कारण गैस सिलिंडर लदा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क से तीन फीट नीचे खेत में पलट गया। हादसे में 41 वर्षीय ट्रक चालक सरोज यादव निवासी फिरोजपुर थाना जंगीपुर जिला गाजीपुर गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंचे गैस गोदाम के कर्मचारियों और ग्रामीणों ने घायल ट्रक चालक को किसी तरह ट्रक से बाहर निकाला। घटनास्थल पर मौजूद गलरा गांव निवासी समाजसेवी मनकामना मिश्र ने घायल चालक को उपचार हेतु अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस सेवा 108 पर फोन किया। लेकिन फोन करने के एक घंटे बाद घटना स्थल पर एंबुलेंस के पहुंचने पर ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त रहा।घायल ट्रक चालक को एंबुलेंस से पीएचसी हलिया भेजा गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद प्रभारी चिकित्साधिकारी डा॰अवधेश कुमार ने ट्रक चालक की पसलियों में आई गंभीर चोट को देखते हुए मंडलीय चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया।नीरज इंडेन गैस एजेंसी के मालिक सूरज सिंह पटेल ने बताया कि सड़क के मोड़ पर इंटरलांकिंग सड़क क्षतिग्रस्त होने के कारण रास्ता सकरा होने के चलते यह हादसा हुआ है। क्षतिग्रस्त सड़क को दुरुस्त कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को पूर्व में अवगत कराया गया जा चुका है लेकिन क्षतिग्रस्त इंटरलांकिंग सड़क को दुरुस्त नही कराया जा सका है।

संवादाता : अंकित मिश्रा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.