पिकप और बाइक की आमने सामने टक्कर में बाइक सवार युवक की मौत, बाइक चालक की हालत गंभीर
मिर्जापुर : ड्रमंडगंज बाजार स्थित पुराने नेशनल हाईवे पर गुरुवार पूर्वाह्न सवा ग्यारह बजे के करीब बाइक और पिकप वाहन की आमने सामने टक्कर में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। जबकि गंभीर रूप से घायल बाइक चालक का उपचार चल रहा है। जिसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। क्षेत्र के देवहट गांव निवासी कमला शंकर बिंद का 26 वर्षीय पुत्र आशीष बिंद प्रयागराज जिले के कोरांव थाना क्षेत्र के बैदवार गांव निवासी श्रमिक हरि कोल के 25 वर्षीय पुत्र अब्बू कोल के साथ बाइक से ड्रमंडगंज बाजार किसी कार्य से गया था।सुबह सवा ग्यारह बजे के करीब घर लौटते समय जैसे ही बाजार स्थित मस्जिद के पास पहुंचा तो सामने से आ रहे अनियंत्रित पिकप वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। घटना बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं पिकप चालक घटना के बाद मौके से भाग निकला। स्थानीय लोगों की सूचना के आधे घंटे बाद पुलिस पहुंची लेकिन तब तक स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को उपचार हेतु एंबुलेंस से न्यू पीएचसी ड्रमंडगंज भिजवाया।जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने मंडलीय चिकित्सालय रेफर कर दिया। सूचना पाकर अस्पताल पहुंचे स्वजन दोनों घायलों को उपचार हेतु सीएचसी कोरांव ले गए। जहां पहुंचने पर चिकित्सक ने अब्बू कोल को देखते ही मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल बाइक चालक आशीष को चिकित्सक ने प्रयागराज स्थित स्वरूप रानी चिकित्सालय रेफर कर दिया। मृतक बाइक सवार अब्बू कोल बुधवार को देवहट गांव निवासी कमला शंकर बिंद के यहां बांस काटने के लिए आया था।बांस काटने के बाद कुल्हाड़ी ले जाना भूल गया था जिसे लेने के लिए गुरुवार को दोबारा देवहट गांव आया था कि सड़क दुघर्टना का शिकार हो गया। मृतक अब्बू कोल चार भाइयों में सबसे छोटा था मेहनत मजदूरी कर परिवार का जीविकोपार्जन करता था।इस संबंध में थानाध्यक्ष ड्रमंडगंज भारत सुमन ने बताया कि पिकप वाहन व बाइक की टक्कर में प्रयागराज जिला निवासी बाइक सवार युवक की मौत हो गई है।जबकि देवहट गांव निवासी बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया है।पिकप वाहन को कब्जे में लेकर कार्रवाई की जा रही है।
संवादाता : अंकित मिश्रा
No Previous Comments found.