मां शीतला धाम में चेन काटने से मचा हड़कंप
मिर्जापुर - हलिया थाना क्षेत्र के गड़बड़ा धाम स्थित मां शीतला देवी मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए उमड़ी भारी भीड़ के बीच रविवार को दो महिला श्रद्धालु उचक्कों का शिकार हो गईं। भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात उचक्कों ने महिलाओं की सोने की चेन काट ली। घटना के बाद मंदिर परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।हलिया क्षेत्र के राजपुर गांव की आरती देवी दर्शन के लिए मंदिर आई थीं। भीड़ के बीच उनकी करीब डेढ़ तोला सोने की चेन काट ली गई। वहीं मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले के खटखरी गांव निवासी सुषमा सोनी ने भी लगभग ढाई तोला सोने की चेन कटने की शिकायत पुलिस से की। दोनों महिलाओं ने मंदिर प्रशासन और पुलिस को घटना की जानकारी दी।सूचना मिलते ही हलिया पुलिस मौके पर पहुंची और मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि गड़बड़ा धाम में चोरी और छीना-झपटी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं,लेकिन इन पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा है। उनका कहना है कि भीड़भाड़ वाले दिनों में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने से उचक्कों के हौसले बुलंद हैं। लोगों ने मंदिर प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और मंदिर की व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाने की मांग की है। थाना प्रभारी राजीव श्रीवास्तव ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है तथा संदिग्धों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। गड़बड़ा धाम मां शीतला मंदिर में चोरी और छीना-झपटी की घटनाएं लगातार बढ़ने से श्रद्धालुओं में दहशत है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मंदिर परिसर में आए दिन चोरी की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन पुलिस प्रभावी कार्रवाई नहीं कर पा रही है। लोगों ने मंदिर प्रबंध समिति की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और मंदिर प्रबंधन प्रशासन के अधीन करने की मांग की है।
संवादाता - अंकित मिश्रा
No Previous Comments found.