मोहनलालगंज तहसील परिसर में बंद शौचालय होंगे दुरुस्त

मोहनलालगंज : लोकसभा मोहनलालगंज से सांसद आर.के. चौधरी द्वारा उठाए गए जनहित के मुद्दे पर स्थानीय निकाय निदेशालय, उत्तर प्रदेश ने त्वरित संज्ञान लेते हुए नगर पंचायत, मोहनलालगंज को तहसील परिसर में स्थित दो बंद शौचालयों के जीर्णोद्धार हेतु आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। सांसद चौधरी ने 23 अप्रैल 2025 को निदेशक, स्थानीय निकाय को पत्र लिखकर अवगत कराया था कि तहसील कार्यालय परिसर में पंचायती राज विभाग द्वारा निर्मित दो शौचालय लंबे समय से खराब स्थिति में हैं, जिससे आम जनता को गंभीर असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि इन शौचालयों के संचालन और रख-रखाव की जिम्मेदारी नगर पंचायत, मोहनलालगंज के अधीन है, लेकिन इस दिशा में अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। पत्र पर संज्ञान लेते हुए निदेशक अनुज कुमार झा ने अधिशासी अधिकारी, नगर पंचायत मोहनलालगंज को निर्देश जारी किए कि वे तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कराएं और की गई कार्यवाही की सूचना निदेशालय को उपलब्ध कराएं। इस निर्णय से तहसील में आने-जाने वाले वादकारियों, अधिवक्ताओं समेत तहसील कर्मचारियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। स्थानीय लोगों ने सांसद के इस सक्रिय प्रयास की सराहना की है। वहीं, विधानसभा क्षेत्र मोहनलालगंज के पूर्व सपा विधायक अम्ब्रीश सिंह पुष्कर ने भी क्षेत्रीय सपा सांसद आर.के. चौधरी को इस जनहित की समस्या का संज्ञान लेकर उसे उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने के लिए आमजन की ओर से आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहलें जनप्रतिनिधियों की ज़मीनी समझ और संवेदनशीलता को दर्शाती हैं।

रिपोर्टर : धीरज 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.