करंट से विवाहिता की मौत या दहेज हत्या पति की गिरफ्तारी से उठे कई सवाल
मोहनलालगंज - मोहनलालगंज पुलिस ने दहेज हत्या के मामले में एक आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया है। पुलिस के मुताबिक मृतका के मायके पक्ष की तहरीर पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था। वहीं, मामले में मृतका के ससुराल पक्ष की ओर से यह बात सामने आ रही है कि विवाहिता की मौत दहेज उत्पीड़न के चलते नहीं, बल्कि फर्राटे पंखे में उतरे करंट की चपेट में आने से हुई थी। ऐसे में पुलिस की कार्रवाई के बाद घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।पुलिस के अनुसार बीते 28 अगस्त को राम गुलाम पुत्र राम अवतार की तहरीर पर मोहनलालगंज पुलिस ने बीएनएस एवं 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। तहरीर में उनकी पुत्री को दहेज के लिए प्रताड़ित करने के बाद हत्या किए जाने का आरोप लगाया गया था।मामले की विवेचना और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया। पुलिस ने तकनीकी एवं मैनुअल साक्ष्यों तथा सूचना तंत्र की मदद से सोमवार को राजाखेड़ा निवासी प्रमोद कुमार उर्फ लवकुश राजपूत को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है, जबकि मामले में नामजद अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
करंट से मौत की बात सही तो पति पर दहेज हत्या का आरोप क्यों......?????
मामले में सबसे अहम सवाल विवाहिता की मौत की वास्तविक वजह को लेकर है। ससुराल पक्ष की ओर से दावा किया जा रहा है कि विवाहिता की मौत फर्राटे पंखे में उतरे करंट की चपेट में आने से हुई, न कि दहेज उत्पीड़न के चलते। वहीं मृतका के मायके वालों ने पति पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या का आरोप लगाया है। ऐसे में मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस विवेचना में सामने आने के बाद ही तस्वीर साफ हो सकेगी।पति की गिरफ्तारी के बाद इस मामले में सबसे बड़ा मानवीय सवाल मृतका के छह माह के मासूम बेटे को लेकर खड़ा हो गया है। मां की मौत हो चुकी है और अब पिता भी दहेज हत्या के आरोप में जेल जा रहा है। ऐसे में मासूम की परवरिश कौन करेगा और उसकी जिम्मेदारी किसके हिस्से आएगी, यह सवाल परिवार और समाज के सामने है।दहेज हत्या जैसे गंभीर मामलों में कानून अपना काम करे, लेकिन यदि जांच में मौत की वजह करंट साबित होती है तो आरोपों की सच्चाई भी सामने आनी चाहिए। फिलहाल पुलिस कार्रवाई जारी है और मामले की वास्तविकता पोस्टमार्टम रिपोर्ट, विवेचना और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट होगी।
रिपोर्टर - धीरज
No Previous Comments found.