लकड़ी के बक्से में खून से लथपथ मिला अज्ञात युवक का शव पुलिस शिनाख्त में जुटी

मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब निगोहां थाना क्षेत्र से पहले भावाखेड़ा गांव के पास हाईवे किनारे माइनर में लकड़ी के बक्से के अंदर एक अज्ञात युवक का खून से लथपथ शव बरामद हुआ। माइनर में पड़ा लकड़ी का बक्सा देखकर ग्रामीणों को संदेह हुआ। पास जाकर देखने पर बक्से के अंदर युवक का शव पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बक्से से बाहर निकलवाकर कब्जे में ले लिया।घटना की जानकारी मिलते ही एसीपी मोहनलालगंज आर.के. सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और मौके का निरीक्षण किया। प्रभारी निरीक्षक मोहनलालगंज रामबाबू सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने आसपास के ग्रामीणों से मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन देर तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी।एसीपी मोहनलालगंज आर.के. सिंह ने बताया कि मिले अज्ञात शव की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। आसपास के लोगों के साथ ही अन्य माध्यमों से मृतक की शिनाख्त कराई जा रही है। जैसे ही शव की पहचान हो जाती है, उसके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।प्रभारी निरीक्षक रामबाबू सिंह के मुताबिक प्रथम दृष्टया शव करीब दो-तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। आशंका है कि शव को देर रात किसी वाहन से लाकर माइनर में ठिकाने लगाया गया। मृतक की उम्र करीब 32 से 34 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
शव को जिस तरह लकड़ी के बक्से में बंद कर माइनर में फेंका गया, उससे ग्रामीणों में हत्या की आशंका को लेकर चर्चा रही। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि युवक की कहीं अन्य स्थान पर हत्या करने के बाद शव को बक्से में बंद कर यहां फेंका गया होगा। हालांकि पुलिस ने अभी हत्या की पुष्टि नहीं की है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।घटना की सूचना पर फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की जांच की और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शव से भरा बक्सा माइनर तक किस रास्ते से पहुंचा और उसे यहां किसने फेंका।

शव मिलने के बाद मौके पर पहुंची मोहनलालगंज और निगोहां थाने की पुलिस कुछ देर सीमा विवाद को लेकर उलझी रही। मोहनलालगंज पुलिस का कहना था कि घटनास्थल निगोहां थाना क्षेत्र में आता है, जबकि निगोहां पुलिस इसे मोहनलालगंज क्षेत्र का मामला बता रही थी। सीमा को लेकर स्थिति स्पष्ट न होने पर मौके पर लेखपाल को बुलाया गया।लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर राजस्व अभिलेखों के आधार पर नाप-जोख की, जिसके बाद घटनास्थल की सीमा को लेकर स्थिति स्पष्ट हुई। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान कराने में जुटी है। साथ ही आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों से भी मृतक का मिलान कराया जा रहा है। पुलिस की जांच, फॉरेंसिक साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही युवक की मौत की वास्तविक वजह तथा शव को यहां लाकर फेंकने की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।

रिपोर्टर - धीरज 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.