दक्षिणी जोन में अपराधों पर कसा शिकंजा, लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश
मोहनलालगंज।लखनऊ। दक्षिणी जोन कार्यालय में बुधवार को पुलिस उपायुक्त दक्षिणी मो. मुश्ताक की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी, सभी सहायक पुलिस आयुक्त, थाना प्रभारी, मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी, साइबर हेल्प डेस्क प्रभारी समेत अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। इस दौरान सर्किल और थाना स्तर पर अपराध की स्थिति, पुलिस कार्रवाई तथा लंबित प्रकरणों की गहन समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।बैठक में आगामी गणेश प्रतिमा विसर्जन को लेकर की गई तैयारियों की समीक्षा की गई। पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा, यातायात और कानून-व्यवस्था की व्यवस्था प्रभावी रखने तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी के निर्देश दिए गए, ताकि पर्व शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न हो सके।जनसुनवाई की समीक्षा के दौरान पुलिस अधिकारियों को कार्यालयों में प्रभावी जनसुनवाई करने, शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। शिकायतकर्ताओं के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार करने और आवश्यक मामलों में नियमानुसार अभियोग पंजीकृत कर कार्रवाई करने को कहा गया।लंबित विवेचनाओं पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों और विवेचकों को निर्धारित 60 और 90 दिन की समयसीमा में विवेचनाओं का निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही वैज्ञानिक एवं गुणवत्तापूर्ण साक्ष्य जुटाने, तथ्यों का निष्पक्ष परीक्षण करने और गुण-दोष के आधार पर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सक्रिय, आदतन और पेशेवर अपराधियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट और गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत संपत्ति जब्तीकरण की कार्रवाई, वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों, टॉप-टेन अपराधियों तथा पुरस्कार घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाने को कहा गया। साथ ही हिस्ट्रीशीटरों की लगातार निगरानी और अवैध शस्त्र, विस्फोटक तथा अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में ई-साक्ष्य ऐप के प्रभावी इस्तेमाल पर भी जोर दिया गया। सभी विवेचकों को प्रत्येक प्रकरण में ई-साक्ष्य ऐप का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने तथा SID जनरेट कर उसी दिन संबंधित एफआईआर से लिंक करने के निर्देश दिए गए।यक्ष एप के माध्यम से बीट पुलिसिंग मजबूत करने पर भी अधिकारियों को निर्देशित किया गया। जमीन संबंधी अपराध, महिला अपराध, साइबर अपराध और एनडीपीएस से जुड़े मामलों की बीट सूचनाएं दर्ज कराने और उनकी गुणवत्तापूर्ण जांच सुनिश्चित करने को कहा गया। बीट सूचना में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रभारी निरीक्षक पीजीआई और प्रभारी निरीक्षक बिजनौर को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।रात्रि चेकिंग व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की प्रभावी जांच के निर्देश दिए गए। खराब प्रदर्शन करने वाले अधिकारी और कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगने की कार्रवाई भी की गई है। इसके अलावा न्यायालय से प्राप्त BW, NBW तथा धारा 84/85 BNSS के तहत प्राप्त प्रपत्रों की शत-प्रतिशत तामीला और इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से प्राप्त ई-सम्मन का नियमानुसार निस्तारण कराने के निर्देश दिए गए।ऑपरेशन कन्विक्शन की समीक्षा के दौरान हत्या, दुष्कर्म, पॉक्सो, गैंगस्टर, मादक पदार्थ तस्करी, महिला एवं बाल अपराध समेत गंभीर मामलों को प्राथमिकता से चिन्हित कर प्रभावी विवेचना, मजबूत साक्ष्य संकलन और न्यायालय में प्रभावी पैरवी के निर्देश दिए गए।
आईजीआरएस एवं जनशिकायतों की भी सर्किल और थाना स्तर पर समीक्षा की गई। लंबित शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराने तथा शिकायतकर्ताओं से फीडबैक लेने पर जोर दिया गया। मिशन शक्ति केंद्रों की गतिविधियों और शिकायत पेटिकाओं से प्राप्त शिकायतों के अभिलेखीकरण एवं समयबद्ध निस्तारण की भी समीक्षा की गई।साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए साइबर हेल्प डेस्क को सक्रिय रखते हुए लोगों को ऑनलाइन ठगी और धोखाधड़ी के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए। साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन 1930 या NCRP पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के लिए आमजन को जागरूक करने को कहा गया।इसके अलावा दक्षिणी जोन के विभिन्न चौराहों और तिराहों पर मॉडिफाइड साइलेंसर वाले वाहनों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाने तथा मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी एवं आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। चोरी, लूट और छिनैती की घटनाओं के शीघ्र अनावरण, आरोपियों की गिरफ्तारी और माल बरामदगी के लिए विशेष अभियान चलाने के साथ वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर विवेचना करने के निर्देश भी दिए गए।
रिपोर्टर - धीरज
No Previous Comments found.