पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के प्रचार-प्रसार में शिक्षक निभाएंगे अहम भूमिका
मोहला-मानपुर : जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में सौर ऊर्जा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने तथा स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को अपनाने के उद्देश्य से आज जिले के सभी स्कूलों के प्राचार्यों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। प्राचार्यों को स्वयं योजना का लाभ लेने तथा अपने विद्यालयों में पदस्थ शिक्षकों को भी इसके लिए प्रेरित करने कहा गया।
बैठक में बताया गया कि सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने और आम नागरिकों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने में शिक्षक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। शिक्षक समाज में जागरूकता के प्रभावी माध्यम हैं और उनके द्वारा दी गई जानकारी का आम नागरिकों पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। ऐसे में शिक्षक अपने आसपास के लोगों को प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के लाभों से अवगत कराते हुए उन्हें योजना का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित कर सकते हैं।
योजना के माध्यम से घरेलू स्तर पर सौर ऊर्जा को बढ़ावा देकर पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम करने, पर्यावरण प्रदूषण में कमी लाने तथा स्वच्छ और नवीकरणीय ऊर्जा को अपनाने के लिए लोगों को प्रेरित किया जा सकता है। इससे ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा और पात्र परिवारों को बिजली बिल में राहत प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। बैठक में प्राचार्यों से अपील की गई कि वे इस अभियान को केवल विद्यालय तक सीमित न रखते हुए अपने सामाजिक संपर्कों के माध्यम से भी सौर ऊर्जा के प्रति जागरूकता फैलाएं।
सौर ऊर्जा जागरूकता अभियान के अंतर्गत आयोजित इस बैठक में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मोहला, जिला शिक्षा अधिकारी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ), विद्युत विभाग के अधिकारी, लीड बैंक मैनेजर तथा जिले के सभी स्कूलों के प्राचार्य उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : पुणेश्वर देवांगन

No Previous Comments found.