राष्ट्रीय नवाचार चुनौती में भागीदारी और स्वरोजगार के अवसरों की दी गई जानकारी

मोहला - सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों में नवाचार, स्टार्टअप एवं उद्यमिता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी द्वारा जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। स्व. लाल श्याम शाह शासकीय नवीन महाविद्यालय, मोहला में आयोजित इस शिविर में शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), मोहला का भी विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम में लगभग 125 विद्यार्थी शामिल हुए। शिविर में जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक द्वारा विद्यार्थियों को स्टार्टअप, नवाचार, उद्यमिता एवं स्वरोजगार के विभिन्न अवसरों की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को अपने नए विचारों को व्यावसायिक रूप देने तथा शासन की विभिन्न योजनाओं और उद्यमिता से संबंधित अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को राष्ट्रीय नवाचार चुनौती में भागीदारी के संबंध में आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया। उन्हें स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए नवाचार आधारित विचार विकसित करने, नए विचार प्रस्तुत करने तथा उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच, नवाचार की भावना और स्वरोजगार के प्रति रुचि विकसित करना रहा, ताकि वे भविष्य में अपने कौशल एवं विचारों के माध्यम से रोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में आगे बढ़ सकें।

संवाददाता - पुनेश्वर देवांगन

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.