प्रदोष काल में इन 5 जगहों पर दीपक जलाएं, पाएं शिवजी की कृपा
हिंदू धर्म में सोमवार का दिन भगवान शिव, यानी देवों के देव महादेव को समर्पित माना गया है। ऐसा कहा जाता है कि इस दिन की गई भक्ति से भोलेनाथ जल्दी प्रसन्न होते हैं। शास्त्रों में भगवान शिव को खुश करने के कई उपाय बताए गए हैं, लेकिन सोमवार की शाम, खासकर प्रदोष काल में, दीपक से किए जाने वाले कुछ उपाय बेहद प्रभावकारी माने जाते हैं। इन उपायों से न केवल आर्थिक स्थिति मजबूत होती है, बल्कि रोग-दोष दूर होते हैं और मानसिक शांति भी मिलती है।
आइए जानते हैं, कौन-कौन से स्थान हैं जहाँ सोमवार की शाम प्रदोष काल में दीया जलाना विशेष फलदायी होता है:
1. घर के पूजा स्थल में दीपक
शास्त्रों के अनुसार सुबह और शाम दोनों समय घर के मंदिर में दीपक जलाना शुभ माना गया है। सोमवार की शाम अपने पूजा स्थल पर दीपक जलाएं और आरती करें। इससे घर का वातावरण साफ-सुथरा रहता है, नकारात्मक ऊर्जा नहीं आती और परिवार में सुख-समृद्धि व सामंजस्य बढ़ता है।
2. तुलसी के पास दीपदान
तुलसी का पौधा घर में माता लक्ष्मी का प्रतीक माना जाता है। सोमवार की शाम प्रदोष काल में तुलसी के पास घी का दीपक जलाने से घर की दरिद्रता दूर होती है। यह उपाय धन की प्राप्ति के रास्ते खोलता है और घर में सकारात्मक ऊर्जा फैलाता है।
3. शिवलिंग के सामने दीपक
भगवान शिव आशुतोष हैं और थोड़ी भक्ति से प्रसन्न हो जाते हैं। सोमवार की शाम किसी शिव मंदिर में जाएँ या घर पर शिवलिंग के सामने घी का दीपक जलाएं। इससे करियर में आने वाली बाधाएँ कम होती हैं और रोग-दोष, मानसिक तनाव व कठिनाइयों से मुक्ति मिलती है।
4. मुख्य द्वार पर दीपक
मान्यता है कि सूर्यास्त के समय माता लक्ष्मी घर में भ्रमण करती हैं। अगर घर का मुख्य द्वार अंधकारमय है, तो लक्ष्मी का वास नहीं होता। इसलिए सोमवार की शाम मुख्य द्वार की दाईं ओर दीपक जलाना चाहिए। यह उपाय गृह क्लेश को दूर करता है और सौभाग्य लाता है।
5. रसोईघर में दीपक
रसोईघर का संबंध घर की समृद्धि और स्वास्थ्य से है। सोमवार की शाम रसोई में पानी रखने की जगह (परिंडा) के पास दीपक जलाएं। इससे माता अन्नपूर्णा और पितरों का आशीर्वाद मिलता है। यह छोटा सा उपाय घर में कभी भी अन्न या धन की कमी नहीं होने देता और फिजूलखर्ची पर लगाम लगाता है।
इस प्रकार, सोमवार की शाम प्रदोष काल में इन पांच स्थानों पर दीपक जलाकर महादेव और माता लक्ष्मी की कृपा प्राप्त की जा सकती है।


No Previous Comments found.