मनी प्लांट को पानी में लगाएं या मिट्टी में? जानिए किस तरीके से होगा ज्यादा हरा-भरा

आज के समय में लगभग हर घर और ऑफिस में Money Plant जरूर नजर आ जाता है। यह भारतीय घरों में सबसे पसंद किए जाने वाले इनडोर पौधों में से एक है। कई लोग इसे बाजार से खरीदकर लाते हैं, लेकिन अगर आप चाहें तो इसे घर पर भी आसानी से उगा सकते हैं। हालांकि, मनी प्लांट को लेकर लोगों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही रहता है कि इसे पानी में लगाना बेहतर है या मिट्टी में?

मनी प्लांट को पानी और मिट्टी दोनों ही माध्यमों में आसानी से उगाया जा सकता है। इसका चुनाव इस बात पर निर्भर करता है कि आप इसे कहां और किस उद्देश्य से लगाना चाहते हैं।

इस स्थिति में पानी में लगाएं मनी प्लांट

अगर आप मनी प्लांट को घर के अंदर जैसे लिविंग रूम, स्टडी टेबल या ऑफिस डेस्क की सजावट के लिए लगाना चाहते हैं, तो पानी में लगाना सबसे आसान विकल्प हो सकता है। कांच की बोतल या जार में इसकी जड़ें दिखाई देती हैं, जो देखने में काफी आकर्षक लगती हैं।

पानी में लगाने का सबसे बड़ा फायदा यह है कि इससे मिट्टी फैलने या गंदगी होने की समस्या नहीं रहती। साथ ही, मिट्टी में पनपने वाले कीड़े और फंगस का खतरा भी कम हो जाता है। इसकी देखभाल भी आसान होती है क्योंकि बार-बार पानी देने की जरूरत नहीं पड़ती।

हालांकि, पानी में प्राकृतिक पोषक तत्वों की कमी होती है, जिसके कारण पौधे की ग्रोथ मिट्टी की तुलना में थोड़ी धीमी हो सकती है। पत्तियों का आकार भी अपेक्षाकृत छोटा रह सकता है। पानी में लगे मनी प्लांट का पानी हर 10-15 दिन में बदलना जरूरी होता है, ताकि मच्छर न पनपें और पौधे को ताजगी मिलती रहे।

मिट्टी में लगाने के फायदे

अगर आप चाहते हैं कि मनी प्लांट तेजी से बढ़े और लंबे समय तक हरा-भरा रहे, तो मिट्टी में लगाना बेहतर विकल्प हो सकता है। मिट्टी में मौजूद प्राकृतिक खनिज और पोषक तत्व पौधे को मजबूत बनाने में मदद करते हैं।

मॉस स्टिक के सहारे लगाए गए मनी प्लांट की पत्तियां बड़ी, चमकदार और घनी हो सकती हैं। मिट्टी में लगे पौधे का तना भी ज्यादा मजबूत होता है और यह मौसम में बदलाव को पानी में लगे पौधे की तुलना में बेहतर तरीके से सहन कर सकता है।

मिट्टी में मनी प्लांट लगाने पर समय-समय पर पानी देने की जरूरत होती है। करीब 6 महीने में एक बार खाद डालना और मिट्टी की हल्की गुड़ाई करना फायदेमंद रहता है। ध्यान रखें कि मिट्टी पूरी तरह सूखने न पाए, क्योंकि इससे पौधा खराब हो सकता है।

अगर मनी प्लांट को गमले में लगा रहे हैं, तो यह जरूर सुनिश्चित करें कि गमले में पानी निकलने की अच्छी व्यवस्था हो। ज्यादा पानी जमा रहने से जड़ें सड़ सकती हैं। घर के अंदर रखे मिट्टी वाले पौधे में मिट्टी फैलने, फंगस या छोटे कीड़ों की समस्या भी हो सकती है, खासकर अगर पर्याप्त रोशनी न मिले।

मनी प्लांट लगाने की एक खास टिप्स

मनी प्लांट की ग्रोथ काफी हद तक उसकी किस्म पर भी निर्भर करती है। अगर कटिंग बड़े पत्तों वाले पौधे की है, तो उसे पानी या मिट्टी दोनों में लगाने पर पत्तियां बड़ी निकल सकती हैं। इसलिए पौधा लगाते समय उसकी किस्म का ध्यान जरूर रखें।

आखिर में क्या बेहतर है?

अगर आप मनी प्लांट को घर के अंदर केवल सजावट के लिए लगाना चाहते हैं, तो पानी में लगाना एक अच्छा विकल्प है। वहीं, अगर आप इसे बालकनी या ऐसी जगह लगाना चाहते हैं जहां थोड़ी धूप आती हो, तो मिट्टी में लगाने से इसकी ग्रोथ ज्यादा अच्छी होती है।

बागवानी विशेषज्ञों के अनुसार, मनी प्लांट को तेजी से बढ़ाने के लिए उसकी कटिंग को पहले 2-3 हफ्तों तक पानी में रखकर जड़ें विकसित की जा सकती हैं। इसके बाद इसे मिट्टी वाले गमले में लगाने से पौधे के सूखने की संभावना काफी कम हो जाती है और यह तेजी से बढ़ने लगता है।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.