मानसून ने पकड़ी रफ्तार, चार दिनों में सात राज्यों तक पहुंचा

दक्षिण-पश्चिम मानसून ने शुरुआती देरी के बाद तेजी से आगे बढ़ते हुए महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु, गोवा, मिजोरम और मणिपुर सहित सात राज्यों में दस्तक दे दी है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में इसके महाराष्ट्र के शेष हिस्सों, तेलंगाना और पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों तक पहुंचने की संभावना है।

मानसून के प्रभाव से केरल, कर्नाटक, गोवा और तमिलनाडु के कई क्षेत्रों में भारी वर्षा हो रही है। वहीं, चेन्नई में लगातार ऊंचे तापमान का दौर जारी है और पारा 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है।

उत्तर भारत के कई राज्यों में गर्मी ने फिर से जोर पकड़ लिया है। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ इलाकों में लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। दूसरी ओर, मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में प्री-मानसून बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिला।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) का अनुमान है कि अगले तीन दिनों में मानसून पूर्वोत्तर भारत के शेष राज्यों और पश्चिम बंगाल के कुछ भागों तक पहुंच सकता है। वहीं बिहार, झारखंड और ओडिशा में अगले 10 दिनों के भीतर मानसून के प्रवेश की संभावना जताई गई है।

इस बीच वैज्ञानिक प्रशांत महासागर में विकसित हो रही अल नीनो परिस्थितियों पर भी नजर बनाए हुए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यह प्रणाली और मजबूत होती है, तो वर्ष के अंत तक वैश्विक तापमान में उल्लेखनीय वृद्धि देखने को मिल सकती है, जिसका असर दुनिया भर के मौसम पैटर्न पर पड़ सकता है।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.