केन्द्रीय कृषि मंत्री श्री तोमर ने गांधी आश्रम पहुंचकर सुब्बाराव जी को दी श्रद्धांजली

मुरैना 02 नवम्बर 2021/ चम्बल क्षेत्र को कर्मभूमि बनाकर शांति व अहिंसा का संदेश विश्व भर में प्रचारित करने वाले भाई सुब्बाराव जी का अंतिम संस्कार जौरा में होना चम्बलांचल का गौरव है। आज चम्बल ही नहीं अनेक क्षेत्रों में उनके प्रयासों से शांति का वातावरण उत्पन्न हुआ है। सुब्बाराव जी में महात्मा गांधी की प्रतिमूर्ति दिखाई देती थी। उन्होंने जीवन पयन्त मानव सेवा के लिये कार्य करने के साथ गांधी के सिद्धांतों व विचारों की जागरूकता आने वाली नई पीढ़ी में उत्पन्न किया। यह विचार केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने गांधी सेवा आश्रम जौरा में व्यक्त किये।     चम्बल के शांतिदूत भाई सुब्बाराव जी को श्रद्धासुमन अर्पित करने के लिये केन्द्रीय मंत्री जौरा पहुंचे थे। उन्होंने भाई सुब्बाराव जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। श्री तोमर ने गांधी सेवा आश्रम में उपस्थिज जन समुदाय को सम्बोधित करते हुये कहा कि सुब्बाराव जी आज हमारे बीच नहीं है, उनका कृतित्व व व्यक्तित्व ऐसा है कि उनके जीवन के बारे में सोचकर लोग उत्साहित होते हैं। ऐसे व्यक्ति की मृत्यु शोक का कारण न होकर उत्साह व उल्लास का कारण बने। यही उनके चरित्र की सर्वोत्तम इस्तुति होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका सुब्बाराव जी के साथ कार्य करने का लम्बा अनुभव नहीं रहा। पूरे विश्व में भाई जी के नाम से पहचाने जाने वाले भाई सुब्बाराव जी के कारण जौरा विश्व स्तर पर अपना स्थान अवश्य सुनिश्चित करेगा।

श्री तोमर ने कहा कि भारत सरकार और देश के प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से भी भाई सुब्बाराव जी को श्रद्धांजलि समर्पित करता हूं। श्री तोमर ने गांधी सेवा आश्रम में भाई जी से जुड़ी हुई वस्तुओं का अवलोकन किया और सम्पूर्ण आश्रम का भ्रमण कर स्वदेशी आंदोलन के लिये संचालित कार्यों को देखा। इसके बाद उस स्थल का भी भ्रमण किया जहां 1972 में 572 बागियों ने अपने हथियार गांधी जी के चित्र पर समर्पित किये थे। इस स्थान को विकसित करने के निर्देश जिला प्रशासन को देने के साथ आम आदमी से अपील की कि इसमें सहयोग किया जाये। यह स्थान अनंत काल तक शांति व अहिंसा का संदेश प्रचारित करता रहेगा। मौके पर सामाजिक एवं स्कूली संस्थाओं ने डॉ. सुब्बाराव जी को भारत रत्न देने की मांग को लेकर केन्द्रीय मंत्री को ज्ञापन भी सौंपा। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. योगेशपाल गुप्ता, उपसभापति श्री अनिल गोयल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्री हमीर सिंह पटेल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

रिपोर्टर : रामकिशन सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.