71 वीं वाहिनी स.सी.ब.परिसर में मनाया गया विश्व तम्बाकू निषेध एवं जागरूकता दिवस

मोतिहारी - पीपराकोठी : स्थानीय 71 वीं वाहिनी एसएसबी के द्वारा वाहिनी परिसर में प्रफुल्ल कुमार कमांडेंट के निर्देशन एवं डॉ. राजेश कुमार (कमांडेंट चिकित्सा) के अध्यक्षता  में होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र मुजफ्फरपुर के बैनर तले विश्व तम्बाकू निषेध दिवस पर स्क्रीनिंग एवं जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वाहिनी के कमांडेंट प्रफुल्ल कुमार ने बताया कि विश्व तम्बाकू निषेध दिवस एक ऐसा अवसर है जब हम तम्बाकू जैसे घातक पदार्थ के प्रति समाज को जागरूक कर सकते हैं। यह केवल एक दिन की अपील नहीं, बल्कि जीवनभर की चेतावनी है। आज जब देश और दुनिया आधुनिकता की ओर बढ़ रही है, तब भी करोड़ों लोग तम्बाकू की लत में फँसे हैं, जो धीरे-धीरे उनके शरीर और भविष्य को निगल रही है। सदर अस्पताल  के डॉ. रितिका कश्यप द्वारा बताया गया कि तम्बाकू सेवन से कम से कम 12 प्रकार के कैंसर हो सकते हैं, फेफड़ों का कैंसर, गले और स्वरयंत्र का कैंसर, मुँह, होंठ एवं जीभ का कैंसर, ग्रासनली (एसोफागस) का कैंसर, पेट, यकृत, अग्न्याशय, मूत्राशय एवं किडनी का कैंसर, गर्भाशय ग्रीवा (सरविक्स) का कैंसर एवं अक्यूट मायलॉइड ल्यूकेमिया। धूम्रपान करने वालों में फेफड़ों के कैंसर से मृत्यु का जोखिम 80 फीसदी से अधिक होता है। बच्चों, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों के लिए अत्यंत खतरनाक होता है। धूम्रपान करने वाली मां के शिशु में जन्मजात विकृतियाँ और मृत्यु का खतरा भी बढ़ता है। इस कार्यक्रम के के बाद सदर अस्पताल मोतिहारी के डॉ. रितिका कश्यप एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉ. इशिता द्वारा बल कर्मियों का मुँह एवं दन्त का स्क्रीनिंग किया गया और उन्हें स्वास्थ्य सम्बंधित जरुरी सलाह एवं दिशा निर्देश दिया गया। इस अवसर पर कमांडेंट महोदय द्वारा वाहिनी के तरफ से डॉ.रितिका कश्यप सदर अस्पताल मोतिहारी एवं डॉ. इशिता प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पीपराकोठी को स्मृति चिन्ह सप्रेम भेंट किया गया। इस अवसर पर विश्वजीत तिवारी (उप कमांडेंट), दीपक कुमार (सहायक कमाडेंट/संचार) और फार्मासिस्ट कुलवंत व वाहिनी के सभी अधीनस्थ अधिकारी व जवान उपस्थित रहे।

रिपोर्टर - आलोक शर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.