मजदूर की बेटी सिम्पल कुमारी ने रचा इतिहास, 478 अंक लाकर बनी जिले की सेकेंड टॉपर

घोड़ासहन : प्रतिभा किसी सुविधा की मोहताज नहीं होती, इसे एक बार फिर प्रखंड के समनपुर गांव की सिम्पल कुमारी ने साबित कर दिया है। घोड़ासहन प्रखंड अंतर्गत समनपुर निवासी मजदूर शिवपूजन साह की पुत्री सिम्पल कुमारी ने मैट्रिक परीक्षा में 478 अंक प्राप्त कर पूर्वी चम्पारण जिले में दूसरा स्थान हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे गांव और प्रखंड क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है।

साधारण परिवार से आने वाली सिम्पल कुमारी ने सीमित संसाधनों के बावजूद कड़ी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है। वह उत्क्रमित माध्यमिक सेकेंड्री विद्यालय, समनपुर की छात्रा हैं। उनकी सफलता यह दर्शाती है कि अगर दृढ़ संकल्प और मेहनत हो, तो किसी भी कठिन परिस्थिति को पार किया जा सकता है।
सिम्पल की इस शानदार सफलता पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक जयप्रकाश राम सहित सभी शिक्षकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। शिक्षकों ने कहा कि सिम्पल शुरू से ही मेधावी और अनुशासित छात्रा रही हैं, जिनकी मेहनत का परिणाम आज सबके सामने है।
परिजनों और ग्रामीणों ने भी सिम्पल कुमारी की इस उपलब्धि पर गर्व जताया है। लोगों का कहना है कि उनकी सफलता अन्य छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणा बनेगी। सिम्पल कुमारी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया है।

रिपोर्टर : राहुल कुमार

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.