पकड़ीदयाल में अनुश्रवण समिति की बैठक, जनगणना व गैस संकट पर हुई चर्चा
मोतिहारी : पकड़ीदयाल अनुमंडल कार्यालय में एसडीओ मंगला कुमारी की अध्यक्षता में अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में लगभग सभी सदस्यों ने भाग लिया और अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं सदन के समक्ष रखीं। बैठक में मुख्य रूप से वर्ष 2026 में होने वाली जनगणना को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही आपूर्ति विभाग की समीक्षा भी की गई। शादी-विवाह एवं अन्य मांगलिक कार्यक्रमों में गैस सिलेंडर की कमी का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। समिति सदस्य अकीलू रहमान ने फेनहारा प्रखंड में जन वितरण प्रणाली के तहत गोदाम से राशन रोस्टर के अनुसार नहीं पहुंचने का मामला उठाया और पंचायतवार सही वितरण की मांग की। वहीं, पकड़ीदयाल में पदस्थापित प्रखंड साधन सेवी राजकुमार पर नौकरी में रहते हुए अपनी पत्नी के नाम पर संवेदक का काम लेने का आरोप लगाया गया, जिसकी जांच कर कार्रवाई की मांग की गई।
सदस्य चंद्र भूषण यादव ने कोदरिया मध्य विद्यालय में रात्रि प्रहरी के मानदेय भुगतान नहीं होने का मुद्दा उठाया।
जिला परिषद सदस्य संतोष कुमार सिंह (पताही) ने पताही-शिकारगंज रोड पर बलुआ नहर की छोटी पुलिया के कारण हो रही दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिया को जल्द दुरुस्त कराने की मांग की। साथ ही बड़का बलुआ पंचायत में कृषि ट्रांसफार्मर लगाने की मांग रखी।
जिला पार्षद सदस्य किरण कुमारी ने मधुबन बाजार में लगने वाले जाम की समस्या और पीएचसी के सामने कचरा जमा होने की समस्या उठाई।
वहीं, जिला परिषद सदस्य आकाश गुप्ता ने फेनहारा प्रखंड में गैस एजेंसियों द्वारा होम डिलीवरी नहीं किए जाने की शिकायत दर्ज कराई।
बैठक के अंत में एसडीओ मंगला कुमारी ने सभी मुद्दों पर संज्ञान लेते हुए आश्वासन दिया कि विभागीय जांच कर जल्द समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
रिपोर्टर : चन्द्रिका


No Previous Comments found.