मधुबन में मचान संगठन का विशाल तिरंगा मार्च, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और नीट पीड़ितों को मुआवजे की मांग

मधुबन, पूर्वी चंपारण : मचान संगठन के तत्वावधान में बुधवार को मधुबन नगर में शिक्षा व्यवस्था में सुधार और छात्रों के अधिकारों के समर्थन में एक विशाल एवं शांतिपूर्ण तिरंगा पैदल मार्च निकाला गया। मार्च में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, युवाओं और नागरिकों ने हाथों में तिरंगा लेकर भागीदारी की।  

मार्च मधुबन के विभिन्न बाजारों से होते हुए डांकबंगल चौक स्थित भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के पास पहुंचकर समाप्त हुआ। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने “सोनम वांगचुक को रिहा करो”, “धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो”, “शिक्षा बचाओ – देश बचाओ” और “इंकलाब जिंदाबाद” के नारे लगाए।  

जंतर-मंतर की घटना और नीट मुद्दे पर आक्रोश  
मार्च के दौरान छात्रों में दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ 20 जुलाई को हुए लाठीचार्ज को लेकर गहरा आक्रोश देखा गया। नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के कारण जान गंवाने वाले छात्रों के प्रति भी रोष जताया गया।  

डांकबंगल चौक पर विरोध सभा आयोजित की गई। यहां छात्रों ने अपने विचार रखे और नीट से जुड़ी घटनाओं में जान गंवाने वाले छात्रों की स्मृति में 2 मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की।  

मचान संगठन की प्रमुख मांगें  
मचान संगठन ने सरकार से 5 प्रमुख मांगें रखीं:  
1. सोनम वांगचुक को तत्काल रिहा किया जाए।  
2. जंतर-मंतर में प्रदर्शनकारी छात्रों पर लाठीचार्ज करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई हो।  
3. नीट पेपर लीक के कारण आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिवारों को 1-1 करोड़ रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए।  
4. भविष्य में पेपर लीक रोकने के लिए सरकार ठोस और पारदर्शी व्यवस्था लागू करे।  
5. शिक्षा व्यवस्था को पूर्णतः पारदर्शी, जवाबदेह और छात्र हितैषी बनाया जाए।  

“छात्र अब जाग चुका है” - कुणाल भूषण बिट्टू  
मचान संगठन के संस्थापक अध्यक्ष कुणाल भूषण बिट्टू ने कहा कि देश का छात्र और युवा अब जाग चुका है। सरकार छात्रों को गुमराह करना और उनके भविष्य से खिलवाड़ करना बंद करे। शिक्षा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी है। यदि सरकार छात्रों की आवाज नहीं सुनेगी तो मधुबन का युवा लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज दिल्ली तक पहुंचाएगा। उन्होंने शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग भी की।  

ये रहे मौजूद  
कार्यक्रम में मचान संगठन के दीपलाल साह, अमरकांत कुमार, रणवीर सहनी, पवन सिंह, जयप्रकाश कुमार यादव, बिट्टू कुमार, जमशीद हुसैन, आदर्श कुमार, संदीप मालाकार, दिवाकर कुमार यादव, इमरान आलम, रहमान, प्रेम कुमार, दीपक कुमार पटेल, अशरफ राज, हरि नारायण प्रसाद, डॉ. रणवीर कुमार, छोटू गुप्ता, सावित्री देवी, अरुण कुमार साहू, रमीन कुमार, राजेश सहित हजारों छात्र-छात्राएं और युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे ।

रिपोर्टर : राकेश कुमार पांडेय  

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.