मधुबन में रबी-उल-अव्वल पर चादरपोशी, नगर में निकला जुलूस-ए-मोहम्मदी

मोतिहारी : पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिन रबी-उल-अव्वल के मौके पर बुधवार को मधुबन में हर्षोल्लास के साथ कार्यक्रम आयोजित किए गए।  

मधुबन पीर मोहल्ला स्थित मजार पर चादरपोशी की गई। वहीं बुधवार की सुबह मधुबन मदरसा से जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया, जो नगर के विभिन्न मार्गों का भ्रमण करते हुए वापस मदरसा पहुंचकर संपन्न हुआ।  

जुलूस की शुरुआत सुबह मदरसा परिसर से हुई। जुलूस में शामिल इस्लाम धर्मावलंबियों के हाथों में हरे रंग के झंडे थे, जिन पर कलमा लिखा हुआ था। जुलूस के आगे-आगे फूलों से सजी बग्घी चल रही थी, जिस पर मदरसा के उलेमा सवार थे। इस दौरान "सरकार की आमद मरहबा" और "लब्बैक या रसूल अल्लाह" के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।  

जुलूस मधुबन मदरसा से निकलकर मुख्य सड़क, पीर मोहल्ला, बाजार होते हुए नगर भ्रमण पर निकला। जगह-जगह लोगों ने जुलूस का स्वागत किया। शांतिपूर्ण तरीके से निकले इस जुलूस को लेकर पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद दिखा।  

इस मौके पर सदर मोहम्मद जमालुद्दीन मंसूरी ने कहा कि पैगंबर साहब ने पूरी दुनिया को अमन और भाईचारे का पैगाम दिया है। हमें उनके बताए रास्ते पर चलना चाहिए।  

इस अवसर पर मदरसा के सचिव अजहर आलम सहित दर्जनों उलेमा और सैकड़ों की संख्या में बच्चे, युवा एवं बुजुर्ग इस्लाम धर्मावलंबी शामिल हुए। सभी ने देश में अमन-चैन और खुशहाली के लिए दुआ मांगी।  

रिपोर्टर : राकेश कुमार पांडेय

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.