बूढ़ी गंडक नदी में रविवार को स्नान करने के दौरान डूबने से दो किशोरों की मौत हो गई
मोतिहारी : चकिया थाना क्षेत्र के बारागोविंद गांव के समीप बूढ़ी गंडक नदी में रविवार को स्नान करने के दौरान डूबने से दो किशोरों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान बारागोविंद गांव के वार्ड 11 निवासी श्रीनारायण राम के 16 वर्षीय पुत्र मंजीत कुमार और बिगू सहनी के 15 वर्षीय पुत्र दिव्यांश कुमार के रूप में हुई है।
स्थानीय मुखिया पति विनय कुमार ने बताया कि गांव निवासी मोहन ठाकुर के दाह संस्कार के बाद लोग नदी में स्नान करने गए थे। इसी दौरान मंजीत और दिव्यांश नदी के गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। दोनों को डूबता देख मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों किशोरों को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक दोनों बेहोश हो चुके थे। लोग आनन-फानन में दोनों को अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष धर्मप्रकाश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। दोनों किशोरों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
रिपोर्टर : दिलीप कुमार
No Previous Comments found.