हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता: स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग अभियान

मध्यप्रदेश : मध्यप्रदेश में हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता: स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग अभियान का तीन चरणों में क्रियान्वयन किया जाना है। शासन के निर्देशानुसार पन्ना जिले में भी यह अभियान संचालित होगा। प्रथम चरण में 2 से 8 अगस्त तक देशभक्ति के वातावरण का जागरण तथा तिरंगे पर केन्द्रित सार्वजनिक कार्यक्रम, चर्चाएं आयोजित की जाएंगी। साथ ही तिरंगा से प्रेरित कला, तिरंगा प्रदर्शनी का प्रदर्शन, तिरंगा रंगोली, तिरंगा राखी निर्माण, तिरंगा बुनाई, तिरंगा पर प्रश्नोत्तरी, तिरंगे के लिए स्वयं सेवा, तिरंगा सजावट और प्रकाश व्यवस्था तथा सैन्य बलों के जवानों और पुलिसकर्मियों को पत्र लेखन आदि गतिविधियां संचालित होगी।
अभियान के द्वितीय चरण में 9 से 12 अगस्त तक लोगों को साथ लाने, व्यापक प्रचार-प्रसार, ध्वजों की उपलब्धता तथा सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगे की दृश्यता के लिए कार्य किए जाएंगे। स्थानीय उत्पादों पर केन्द्रित तिरंगा मेला, तिरंगा केसर्ट, तिरंगा बाइक व तिरंगा साइकिल रैली, उच्च जनभागीदारी के साथ तिरंगा यात्रा, तिरंगा ध्वज की बिक्री और समुचित व्यवस्था, मानव श्रृंखला निर्माण, तिरंगा गान जैसे कार्यक्रम होंगे, जबकि तृतीय चरण में 13 से 15 अगस्त तक घर, कार्यालयों तथा वाहनों पर तिरंगा लगाने, सेल्फी अपलोड, सर्वत्र तिरंगे की दृश्यता तथा संस्कृति मंत्रालय के साथ सूचनाओं का सतत आदान-प्रदान किया जाएगा। हर जगह तिरंगा दृश्यता, तिरंगा के साथ रिकॉर्ड इत्यादि महत्वपूर्ण कार्यक्रम किए जाएंगे।
केन्द्रीय पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, जल शक्ति मंत्रालय और संस्कृति मंत्रालय के संयुक्त सहयोग से चलने वाले इस अभियान की परिकल्पना सामूहिक उत्सव और नागरिक एकता की भावना पर आधारित है, जिसमें स्वतंत्रता के सार को स्वच्छता और सुजलता के संकल्प के साथ जोड़ा गया है। इस प्रकार ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित जल आपूर्ति, प्रभावी जल स्वच्छता और स्वास्थ्य तथा बेहतर स्वच्छता सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। 
अभियान में स्वच्छ भारत मिशन और जल जीवन मिशन के अंतर्गत गांवों, ग्राम पंचायतों में विविध गतिविधियां होंगी, जिनमें स्वच्छ सुजल गांव प्रतिज्ञाएं, सामुदायिक सफाई अभियान, परिसंपत्तियों की सफाई, जागरूकता गतिविधियां, जल संरक्षण और 15 अगस्त 2025 को अमृत सरोवर, सार्वजनिक स्थानों आदि सहित प्रमुख वाश अवसंरचना स्थलों पर ध्वजारोहण समारोह शामिल है। यह प्रतीकात्मक कार्य सुरक्षित जल और स्वच्छता तक पहुंच द्वारा लाई गई स्वतंत्रता, गरिमा और कल्याण को दर्शाता है।
अभियान में जिले के साथ ब्लॉकों और ग्राम पंचायतों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इसमें स्थानीय संस्थाओं, ग्राम जल सेवा समितियों, स्वयं सहायता समूहों, पंचायती राज संस्थाओं के साथ ही स्कूली बच्चों, स्वयंसेवकों और अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं को इस अभियान का नेतृत्व करने और इसमें भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा। कलेक्टर सुरेश कुमार ने अभियान के बेहतर क्रियान्वयन के लिए विभिन्न विभागों को निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने बताया कि नागरिकों को अपने घर पर राष्ट्रीय ध्वज लगाने के लिए प्रेरित करने, आमजनों में देशभक्ति की भावना जागृत करने तथा राष्ट्रीय ध्वज के बारे में जागरूकता अभियान का मुख्य उद्देश्य है।

रिपोर्टर : रफ़ी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.