Mr Faisu Wedding: मदीना में मिस्टर फैजू ने तान्या से किया निकाह, जानें कौन हैं उनकी दुल्हन
AKANSHA UPADHYAY
पॉपुलर सोशल मीडिया स्टार और यूट्यूबर मिस्टर फैजू यानी फैसल शेख इन दिनों अपनी शादी को लेकर सुर्खियों में हैं। लंबे समय से उनकी शादी की खबरें चर्चा में थीं, लेकिन अब उन्होंने अपनी वेडिंग फोटोज शेयर कर फैंस को बड़ा सरप्राइज दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फैजू ने 10 अक्टूबर को मदीना की पाक सरजमीं पर अपनी लेडी लव तान्या के साथ निकाह किया। उनकी शादी की खूबसूरत तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।
मदीना में हुआ फैजू और तान्या का निकाह
मिस्टर फैजू और तान्या की शादी की तस्वीरों में दोनों का लुक बेहद खास नजर आ रहा है। निकाह के मौके पर फैसल शेख ऑफ-व्हाइट शेरवानी में दिखाई दिए। वहीं, उनकी दुल्हन तान्या ऑफ-व्हाइट शरारा और लाल दुपट्टे में बेहद खूबसूरत लग रही थीं। तान्या ने मिनिमल मेकअप और हल्की जूलरी के साथ अपने ब्राइडल लुक को सिंपल और ग्रेसफुल रखा। कपल की तस्वीरों को देखकर फैंस उन्हें लगातार बधाइयां दे रहे हैं।
कौन हैं मिस्टर फैजू की पत्नी तान्या?
फैजू की शादी की खबर सामने आने के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर तान्या कौन हैं? मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, तान्या का असली नाम निखत फातिमा बताया जा रहा है। हालांकि, इस जानकारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बताया जाता है कि तान्या एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से दूर रहती हैं और अपनी निजी जिंदगी को सार्वजनिक करना पसंद नहीं करतीं। फैजू ने भी शादी से पहले अपने रिश्ते को लेकर ज्यादा जानकारी साझा नहीं की थी।
पारिवारिक रिश्तों से शुरू हुई लव स्टोरी
रिपोर्ट्स के अनुसार, फैसल शेख और तान्या के परिवार एक-दूसरे को लंबे समय से जानते हैं। पारिवारिक नजदीकियों के बीच दोनों करीब आए और उनका रिश्ता निकाह तक पहुंच गया। हालांकि, उनकी पहली मुलाकात और प्रेम कहानी को लेकर कपल की ओर से विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
जन्नत जुबैर के फैंस भी रह गए हैरान
फैजू का नाम लंबे समय से अभिनेत्री जन्नत जुबैर के साथ जोड़ा जाता रहा है। ऐसे में तान्या के साथ उनकी शादी की तस्वीरें सामने आने पर कई फैंस हैरान रह गए। फिलहाल, फैजू और तान्या की शादी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है और फैंस इस नए जोड़े को खुशहाल जिंदगी की शुभकामनाएं दे रहे हैं।

No Previous Comments found.