गेहूं की MSP में बढ़ोतरी, किसानों को अतिरिक्त लाभ, जानिए कैबिनट की घोषणाऐं
उत्तर प्रदेश सरकार ने इस वर्ष गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,585 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है, जो पिछले साल से 160 रुपये अधिक है। इसके अलावा किसानों को उतराई, सफाई और छनाई के लिए 20 रुपये प्रति क्विंटल अतिरिक्त भुगतान मिलेगा। 30 मार्च 2026 से 15 जून 2026 तक खरीद होगी, जिसमें 8 एजेंसियां और 6500 क्रय केंद्र सभी 75 जिलों में सक्रिय रहेंगे।
बिजली हो सकती है सस्ती
ऊर्जा विभाग के प्रस्ताव के तहत झारखंड में आवंटित कोल ब्लॉक के विकास के लिए 2242.90 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इस खदान से 270 मिलियन टन कोयला मिलने का अनुमान है, जिससे बिजली उत्पादन लागत घटेगी और प्रति यूनिट 80 पैसे तक सस्ती बिजली मिल सकती है। घाटमपुर पावर प्लांट में 660 मेगावॉट की तीन यूनिट का प्रावधान है, जिसमें से दो शुरू हो चुकी हैं। तीसरी यूनिट जल्द चालू होगी। इसके लिए झारखंड के दुमका स्थित पछवारा कोल माइन के विकास हेतु 2242.90 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है।
निजी क्षेत्र में बनेंगे बिजनेस पार्क
सेवा क्षेत्र में निवेश बढ़ाने के लिए सरकार ने निजी बिजनेस पार्क विकास योजना को मंजूरी दी है। इससे निवेशकों की लागत कम होगी और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। नवयुग पालिका योजना के तहत 58 जिला मुख्यालय शहरों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। इसमें 55 नगर पालिका परिषद और 3 नगर पंचायतें शामिल हैं।
गोरखपुर बनेगा सोलर सिटी
अयोध्या के बाद गोरखपुर को सोलर सिटी के रूप में विकसित किया जाएगा। चिलुआताल में 20 मेगावॉट का फ्लोटिंग सोलर प्लांट लगाया जाएगा, जिसके लिए 80 एकड़ जमीन उपलब्ध कराई गई है। वहीं बागपत में किसान सहकारी चीनी मिल की क्षमता बढ़ाकर 5000 टीसीडी की जाएगी और नई चीनी मिल स्थापित करने को मंजूरी मिली है। वहीं ललितपुर में मेडिकल कॉलेज स्तर की स्वास्थ्य सुविधाओं के विकास को भी हरी झंडी दी गई है।
लखनऊ में दुबग्गा फ्लाईओवर को मंजूरी
लखनऊ के दुबग्गा चौराहे पर 1811.72 मीटर लंबे फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा। साथ ही बलरामपुर में रेल ओवरब्रिज और सिद्धार्थनगर में सड़क चौड़ीकरण परियोजना को भी मंजूरी मिली है।
संभल में बनेगा परिक्रमा मार्ग
संभल में चौबीस कोसीय वंशगोपाल तीर्थ परिक्रमा मार्ग के निर्माण को मंजूरी दी गई है। साथ ही लखनऊ की ऐतिहासिक इमारतों को हेरिटेज पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।
संभल में बनेगा लॉजिस्टिक सेंटर
गंगा एक्सप्रेसवे के पास संभल में 242.42 करोड़ रुपये की लागत से इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग और लॉजिस्टिक सेंटर बनाया जाएगा। साथ ही ग्रेटर नोएडा में मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक पार्क के प्रस्ताव को भी मंजूरी मिली है।

No Previous Comments found.