अंबरनाथ में 60 लाख की खदान सफाई पर बवाल, प्रदीप पाटील ने अब्दुल शेख पर लगाए गंभीर आरोप

मुंबई :  अंबरनाथ पश्चिम के चिंचपाड़ा इलाके में स्थित खदान की सफाई को लेकर 60 लाख रुपये के खर्च पर विवाद खड़ा हो गया है। इस मुद्दे को लेकर बैठक के दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस देखने को मिली।

बताया जा रहा है कि चिंचपाड़ा खदान से कचरा और मिट्टी निकालने के लिए करीब 60 लाख रुपये खर्च होने का प्रस्ताव रखा गया था। इस पर शिवसेना नेता अब्दुल शेख ने सवाल उठाते हुए प्रशासन और जीबी बैठक में मौजूद अधिकारियों से पूछा कि खदान की सफाई के लिए इतनी बड़ी राशि क्यों खर्च की जा रही है।
इस दौरान भाजपा का प्रतिनिधित्व कर रहे प्रदीप पाटील ने अब्दुल शेख पर जातीय टिप्पणी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि खदान में गणेश मूर्तियों का विसर्जन किया जाता है और अब्दुल शेख उसका विरोध कर रहे हैं।
हालांकि अब्दुल शेख ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उन्हें खदान की सफाई से कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन 60 लाख रुपये का खर्च बहुत ज्यादा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “क्या खदान की सफाई सोने की जेसीबी से की जाएगी?”
इस मामले में शहर अभियंता पंकज उन्हाले ने 60 लाख रुपये के खर्च का विस्तृत विवरण बैठक में दिया, जिसके बाद प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई।
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में अब्दुल शेख ने कहा कि वह 1995 से नगरसेवक के रूप में चुने जाते रहे हैं और उनके खिलाफ किसी भी नगरसेवक ने कभी इतने गंभीर आरोप नहीं लगाए। उन्होंने कहा कि वह कई वर्षों से बांगड़ी गली व्यापारी संघ के लिए काम कर रहे हैं और प्रदीप पाटील द्वारा लगाए गए आरोप पूरी तरह अनुचित और अशोभनीय हैं।

रिपोर्टर : साबिर शेख
 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.