खाकी वर्दी की इंसानियत: ठाणे नगर पुलिस की तत्परता, रिक्षा में भूले साढ़े चार लाख के गहने 5 घंटे में बरामद
ठाणे : ठाणे से भिवंडी जाते समय रिक्षा में भूल गए करीब साढ़े चार लाख रुपये मूल्य के गहनों से भरा बैग ठाणे नगर पुलिस ने महज पांच घंटे में खोजकर मालिक को लौटा दिया। बैग वापस मिलने पर पीड़ित परिवार की आंखों में खुशी के आंसू थे और उन्होंने पुलिस की सतर्कता व ईमानदारी के प्रति आभार व्यक्त किया। जानकारी के अनुसार, घाटकोपर निवासी वरिष्ठ नागरिक संपत सालवे अपनी पत्नी के साथ भिवंडी जाने के लिए लोकल ट्रेन से ठाणे रेलवे स्टेशन पहुंचे। वहां से उन्होंने भिवंडी जाने के लिए रिक्षा ली। भिवंडी टोल नाके पर रिक्षा से उतरने के बाद कुछ देर में उन्हें याद आया कि गहनों से भरा बैग रिक्षा में ही छूट गया है। घबराए दंपती तुरंत ठाणे नगर पुलिस स्टेशन पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस निरीक्षक भरत चौधरी ने जांच की जिम्मेदारी उपनिरीक्षक प्रवीण जाधव को सौंपी। ड्यूटी खत्म होने के बावजूद जाधव ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। उन्होंने पुलिस सिपाही सचिन पाचपुते के साथ मिलकर ठाणे से भिवंडी तक के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। लगातार पांच घंटे की मेहनत के बाद संबंधित रिक्षा का नंबर मिला और चालक से संपर्क किया गया।
रिक्षाचालक से लेदर बैग बरामद हुआ, जिसमें करीब चार लाख रुपये के ढाई तोले सोने के आभूषण, चांदी के पैंजन, पैन कार्ड, आधार कार्ड सहित अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज थे। पुलिस ने पूरा सामान सालवे दंपती को सुरक्षित सौंप दिया।
इस कार्रवाई के जरिए पुलिस ने अपने अच्छे किरदार को और निखारते हुए ईमानदारी, संवेदनशीलता और तत्परता का बेहतरीन उदाहरण पेश किया है।
रिपोर्टर : साबीर शेख


No Previous Comments found.