बातों में उलझाकर सोने की चेन चोरी करने वाला शातिर आरोपी गिरफ्तार

मुंबई : भोईवाड़ा पुलिस ने वरिष्ठ नागरिक को बातों में उलझाकर सोने की चेन चोरी करने वाले शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस उप आयुक्त, परिमंडल 04 के मार्गदर्शन में की गई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 30 मार्च 2026 को सुबह करीब 11 बजे शिकायतकर्ता जोसेफ सी. ए. फर्नांडीस (71 वर्ष) गौरीशंकर मिठाई दुकान के सामने पैदल जा रहे थे। इसी दौरान दो अज्ञात व्यक्ति उनके पास आए। एक आरोपी ने उन्हें पहचान का भ्रम पैदा करते हुए बातचीत शुरू की और दूसरे साथी ने भी झूठी पहचान का नाटक किया। दोनों ने बातों में उलझाकर शिकायतकर्ता के हाथ में मौजूद बैग की जांच करने का बहाना बनाया और उनकी गर्दन में पहनी सोने की चेन बैग में रखने को कहा। आरोपी ने चेन निकालकर रखने का नाटक किया, लेकिन वास्तव में चेन लेकर फरार होने लगा।

शिकायतकर्ता को संदेह होने पर उन्होंने चेन देखने की कोशिश की तो वह गायब थी। शोर मचाने पर एक आरोपी को मौके पर पकड़ लिया गया, जबकि दूसरा आरोपी 12 ग्राम सोने की चेन और पेंडेंट लेकर फरार हो गया। इस मामले में भोईवाड़ा पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 129/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।

जांच के दौरान फरार आरोपी की पहचान नरेश उर्फ नर्या विजयकुमार जायसवाल (40 वर्ष) के रूप में हुई। तकनीकी विश्लेषण के आधार पर उसका ठिकाना कल्याण क्षेत्र में होने की जानकारी मिली। पुलिस ने जाल बिछाकर उसे गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि आरोपी शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ मुंबई के विभिन्न पुलिस थानों में कुल 59 मामले दर्ज हैं।

यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त देवेन भारती, सह पुलिस आयुक्त सत्यनारायण चौधरी (कानून व्यवस्था), अतिरिक्त पुलिस आयुक्त विक्रम देशमाने, पुलिस उपायुक्त रागसुधा आर, सहायक पुलिस आयुक्त घनश्याम पलंगे के मार्गदर्शन में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक दत्तात्रय ठाकूर, पुलिस निरीक्षक महाडिक, जांच अधिकारी सचिन बोरसे तथा पुलिस दल ने की।✍????

रिपोर्टर : साबीर शेख

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.