दोपहिया पर तीन सवारों की जल्दबाजी पड़ी भारी — बस से टकराकर दो की मौत, एक गंभीर

मुंबई :  मुंब्रा के एमएम वैली क्षेत्र में तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी एक दर्दनाक हादसे का कारण बन गई। वर्दाली रोड पर हुई इस दुर्घटना में तीन सवारों वाली बाइक बस से टकरा गई, जिससे दो युवकों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। 

जानकारी के अनुसार ठाकुरपाड़ा निवासी संगम राजेश पुलशारे (21), अविनाश रामदास दावंदे (19) और महेश भगवान वारे (18) MH-04 MX 3629 नंबर की बाइक पर रोशनी महल से जंक्शन की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही MH-04 HY 5770 नंबर की बस को ओवरटेक करने की कोशिश में बाइक का हैंडल बस से टकरा गया। संतुलन बिगड़ने से तीनों युवक बस के नीचे आ गए।

हादसे में संगम पुलशारे और अविनाश दावंदे की मौत हो गई, जबकि महेश वारे गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे हकीम हाजमल खान अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए कलवा स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज अस्पताल भेजे गए हैं।

घटना का पूरा दृश्य पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। फुटेज में बाइक को तेज रफ्तार में बस को ओवरटेक करते हुए देखा गया, जिसके बाद अचानक संतुलन बिगड़ने से यह भीषण दुर्घटना हुई। 

इस हादसे के बाद ठाकुरपाड़ा इलाके में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तीन सवारी, तेज गति और लापरवाही ने दो परिवारों के घरों में मातम ला दिया।

 संदेश: 
ट्रिपल सीट, तेज रफ्तार और जोखिम भरे ओवरटेक जैसे कदम जानलेवा साबित हो सकते हैं। यातायात नियमों का पालन ही सुरक्षित यात्रा की गारंटी है।

*रिपोर्टर : साबीर शेख

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.