BKC में मेट्रो निर्माण के दौरान बड़ा हादसा टला
मुंबई : बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) में मेट्रो लाइन 2B के निर्माण कार्य के दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। निर्माण के दौरान एक 400 टन का मोबाइल क्रेन अचानक तकनीकी खराबी के चलते पलट गया। यह घटना एशियन हार्ट हॉस्पिटल जंक्शन के पास देर रात हुई, जब कॉन्ट्रैक्टर कंपनी J. Kumar Infraprojects Limited द्वारा प्री-कास्ट बीम उठाने का काम चल रहा था।
गनीमत रही कि इस हादसे में कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ और न ही किसी की जान गई।
घटना की जानकारी मिलते ही MMRDA के वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पलटे हुए क्रेन को हटाने के लिए 600 टन क्षमता वाले दूसरे क्रेन को मौके पर बुलाया गया है, जिससे जल्द से जल्द रास्ता साफ किया जा सके।
यातायात पर असर को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस के साथ मिलकर रूट डायवर्ट किया गया है, ताकि आम नागरिकों को कम से कम परेशानी हो। अधिकारियों का कहना है कि सड़क को जल्द ही सामान्य रूप से चालू कर दिया जाएगा।
MMRDA ने यह भी बताया कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा उपाय और जांच प्रक्रिया को और सख्त किया जा रहा है।
रिपोर्टर - साबीर शेख

No Previous Comments found.