450 रुपये पड़े भारी: गुस्से में युवक ने महिला की ली जान, आरोपी नेपाल झापा से गिरफ्तारी
नवी मुंबई : नवी मुंबई के तुर्भे सेक्टर 22 स्थित एक अंडर कंस्ट्रक्शन बिल्डिंग में 13 मार्च 2026 को 50 वर्षीय मार्जिना मंडल की निर्मम हत्या के मामले में एपीएमसी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुख्य आरोपी मोहम्मद अख्तर को नेपाल के झापा जिले से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को कड़ी मशक्कत के बाद पकड़कर नवी मुंबई लाया गया, जहां उससे गहन पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, घटना तुर्भे सेक्टर 22 में एक निर्माणाधीन इमारत की पहली मंजिल पर बने छोटे से कमरे में हुई, जहां हत्या होने की जानकारी पुलिस को मिली थी। आरोपी मोहम्मद अख्तर, जो मूल रूप से बिहार के किशनगंज का निवासी है, रोजगार के सिलसिले में नवी मुंबई आया था और इसी दौरान उसकी पहचान मृत महिला से हुई थी, जो कथित तौर पर देह व्यापार से जुड़ी हुई थी।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने महिला को 450 सौ रुपये दिए थे, जिसके बदले में महिला ने उसे लड़की उपलब्ध कराने का वादा किया था। लेकिन तय समय पर महिला ने यह वादा पूरा नहीं किया, जिससे आरोपी गुस्से में आ गया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और गुस्से में आकर आरोपी ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर मार्जिना मंडल की हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी ने अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया और पहचान छिपाने के लिए फरार हो गया। घटना के बाद एपीएमसी पुलिस स्टेशन में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अजय शिंदे के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसने आरोपी की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस टीम बिहार के किशनगंज पहुंची, जहां से जानकारी मिली कि आरोपी नेपाल भाग गया है। इसके बाद पुलिस टीम नेपाल के झापा जिले पहुंची और स्थानीय स्तर पर सूचना जुटाकर छापा मारते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे भारत लाकर नवी मुंबई पुलिस के हवाले किया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध कबूल कर लिया है। फिलहाल पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस अवैध गतिविधि में और कौन-कौन लोग शामिल थे।
रिपोर्टर - साबीर शेख


No Previous Comments found.