मुंब्रा में भीषण आग पर काबू: फायर ब्रिगेड की तत्परता से टली बड़ी दुर्घटना

मुंबई :  मुंब्रा क्षेत्र के सहयोग अपार्टमेंट की पहली मंजिल पर गुरुवार शाम करीब 6:55 बजे भीषण आग लगने की घटना सामने आई। यह आग उस जगह लगी, जहां पहले महानगरपालिका का कार्यालय स्थित था, जिसे कुछ वर्ष पहले एम.एम. वैली इलाके में स्थानांतरित कर दिया गया था।

सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग ने बिना देर किए तुरंत दो फायर ब्रिगेड गाड़ियों को मौके पर रवाना किया। घटनास्थल पर पहुंचते ही दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का कार्य शुरू किया, लेकिन उन्हें कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा। मुख्य दरवाजे की मजबूत संरचना और अंदर लगी लोहे की जाली के कारण अंदर प्रवेश करना मुश्किल हो गया था। कड़ी मशक्कत के बाद दरवाजा तोड़कर टीम अंदर पहुंच सकी।
अंदर घना धुआं भरा होने के कारण दमकल कर्मियों को सांस लेने में कठिनाई हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पीछे की खिड़की तोड़ी गई, जिससे धुआं बाहर निकल सका और राहत कार्य तेज हुआ। कमरे में बड़ी मात्रा में कागजात और फाइलें होने के कारण आग तेजी से फैल रही थी, जिससे आग पर काबू पाने में समय लगा।
लगातार प्रयासों के बाद रात करीब 10 बजे आग पूरी तरह बुझा ली गई। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई भी हताहत या घायल नहीं हुआ। उसी मंजिल पर एक ट्यूशन क्लास भी चल रहा था, लेकिन समय रहते स्थिति संभाल ली गई।
दमकल विभाग ने इमारत के रहिवासियों को खिड़कियां बंद रखने की सलाह दी, ताकि धुआं घरों में प्रवेश न करे और किसी को श्वसन संबंधी परेशानी न हो। इस ऑपरेशन में मुंब्रा और आसपास के क्षेत्रों की फायर ब्रिगेड टीमों ने भी सहयोग किया।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, 2018 के बाद इस स्थान का उपयोग गोदाम के रूप में किया जा रहा था, जहां केवल कागजी फाइलें रखी गई थीं। इस वजह से किसी कर्मचारी की मौजूदगी नहीं थी और केवल दस्तावेजों का नुकसान हुआ।
घटना की जानकारी मिलते ही सहायक आयुक्त (AMC) भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि महत्वपूर्ण दस्तावेज पहले ही अन्य विभागों में स्थानांतरित कर दिए गए थे और अधिकांश रिकॉर्ड अब ई-गवर्नेंस प्रणाली के तहत डिजिटल रूप में सुरक्षित हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि प्रशासन अब अधिकतर सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध करा रहा है, जिससे नागरिकों को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते। आरटीआई के तहत मांगी गई जानकारी भी तय समयसीमा, लगभग 30 दिनों के भीतर उपलब्ध कराई जाती है।
अग्निशमन दल की सराहनीय भूमिका
इस पूरी घटना में अग्निशमन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने साहस, तत्परता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया। कठिन परिस्थितियों में भी उन्होंने आग पर काबू पाकर एक बड़ी दुर्घटना को टाल दिया, जो उनकी उत्कृष्ट सेवा भावना को दर्शाता है।

रिपोर्टर : साबीर शेख

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.