मुंब्रा में टोरेंट पावर की बड़ी लापरवाही! खुले ट्रांसफॉर्मर बने मौत का जाल?
मुंबई : मुंब्रा के गावदेवी रोड इलाके में बिजली आपूर्ति करने वाली कंपनी Torrent Power की गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है, जिसने स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। दिनांक 07 मई 2026 को इलाके में मौजूद कई बिजली ट्रांसफॉर्मरों के दरवाजे बंद तो पाए गए, लेकिन उनमें लगे ताले सिर्फ दिखावे के लिए कड़ी पर लटकते हुए नजर आए। यानी ट्रांसफॉर्मर के दरवाजे बिना किसी सुरक्षा के आसानी से खोले जा सकते थे।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह सिर्फ लापरवाही नहीं, बल्कि लोगों की जान के साथ सीधा खिलवाड़ है। ट्रांसफॉर्मरों में हाई वोल्टेज करंट प्रवाहित होता है, ऐसे में अगर कोई बच्चा, राहगीर या जानवर इसके संपर्क में आ जाए तो बड़ा हादसा हो सकता है।
सबसे गंभीर सवाल यह उठ रहा है कि ट्रांसफॉर्मर की चाबी आमतौर पर केवल अधिकृत कर्मचारियों के पास ही होती है, फिर ताले खुले क्यों छोड़े गए? इस घटना के बाद क्षेत्र में संदेह और नाराजगी का माहौल है।
कुछ स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि बिजली चोरी करने वाले गिरोह और विभाग के कुछ भ्रष्ट कर्मचारियों की मिलीभगत से जानबूझकर ट्रांसफॉर्मर खुले छोड़े जा रहे हैं। क्या बिजली चोरी को बढ़ावा दिया जा रहा है? क्या विभाग के अंदर ही भ्रष्टाचार का खेल चल रहा है? ऐसे कई सवाल अब उठने लगे हैं।
नागरिकों ने इस मामले की तत्काल जांच की मांग की है और संबंधित विभागों, विद्युत सुरक्षा प्राधिकरण और ठाणे प्रशासन से सख्त कार्रवाई की अपील की है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो भविष्य में होने वाली किसी भी दुर्घटना की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों पर होगी।
नागरिकों की मुख्य मांगें:
सभी ट्रांसफॉर्मरों की तत्काल सुरक्षा जांच
जिम्मेदार कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई
बिजली चोरी और संभावित भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच
आम नागरिकों की सुरक्षा की ठोस गारंटी
मुंब्रा में सामने आया यह मामला बिजली व्यवस्था की सुरक्षा और निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े करता है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस पर कितनी तेजी से और कितनी सख्ती से कार्रवाई करता है।
रिपोर्टर : साबीर शेख

No Previous Comments found.