जान की परवाह किए बिना बीट मार्शल ने बचाई महिला की जान
मुंबई : नवी मुंबई के कळंबोली इलाके में पुलिस की सतर्कता और बहादुरी से एक महिला की जान बचाई गई। रोडपाली स्थित गणपति विसर्जन तालाब में कूदकर आत्महत्या का प्रयास करने वाली महिला को बीट मार्शल ने समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया। मिली जानकारी के अनुसार, आज दोपहर करीब 12:30 बजे कंट्रोल रूम से बीट मार्शल 1 को संदेश मिला कि रोडपाली गणपति विसर्जन तालाब में एक महिला ने पानी में छलांग लगा दी है और तत्काल पुलिस सहायता की आवश्यकता है। सूचना मिलते ही पुलिस सिपाही आकाश वानखेड़े (बकल नंबर 12336) और पुलिस सिपाही सागर माली (बकल नंबर 4349) मात्र तीन मिनट में, यानी 12:33 बजे घटनास्थल पर पहुंच गए। वहां महिला को पानी में डूबते हुए देखकर सिपाही सागर माली ने बिना समय गंवाए अपनी जान की परवाह किए बिना तालाब में छलांग लगा दी और महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
इसके बाद महिला को तुरंत पुलिस वाहन से आशा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसकी हालत स्थिर बताई। आगे के इलाज के लिए उसे एमजीएम हॉस्पिटल भेजा गया है।
महिला की पहचान अनिता बालाजी नांदे (उम्र 35 वर्ष, निवासी कळंबोली) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वह मानसिक रूप से अस्वस्थ बताई जा रही है। घटना के बाद उसका भाई भी अस्पताल पहुंच गया।
पुलिस सिपाही सागर माली और उनकी टीम के इस साहसिक कार्य की क्षेत्र में सराहना की जा रही है। कळंबोली पुलिस थाना
रिपोर्टर : साबीर शेख


No Previous Comments found.