खुद को पुलिस और पत्रकार बताकर रोका टेम्पो, जांच में निकली गाड़ी खाली; दो आरोपियों पर केस दर्ज

मुंबई - महाराष्ट्र के अंबरनाथ से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां दो लोगों ने खुद को पुलिस और पत्रकार बताकर एक टेम्पो चालक को बीच सड़क पर रोका, उसके साथ मारपीट की और गोमांस तस्करी का झूठा आरोप लगाया। हालांकि, पुलिस जांच में यह दावा पूरी तरह फर्जी निकला। इस मामले में शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन में दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। उल्हासनगर निवासी 25 वर्षीय हरिश वासु भाटिया मालवाहक टेम्पो चलाकर अपना गुजारा करते हैं। 14 मई की तड़के करीब 3:30 बजे वे उल्हासनगर से अंबरनाथ स्थित रिलायंस मॉल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एक जुपिटर बाइक पर सवार महिला और पुरुष उनका पीछा करने लगे। पालेगांव चौक पर दोनों ने टेम्पो को जबरन रुकवाया।

आरोप है कि पुरुष ने खुद को पुलिसकर्मी बताया और महिला को पत्रकार बताते हुए चालक को धमकाया। उन्होंने कहा कि "तुम्हारी गाड़ी में गोमांस है, गाड़ी खोलकर दिखाओ, नहीं तो जान से मार देंगे।"
इसके बाद दोनों ने चालक के साथ गाली-गलौज और मारपीट भी की।

आगे की कार्रवाई:

घटना की सूचना मिलते ही शिवाजीनगर पुलिस मौके पर पहुंची। आरोपी महिला स्मिता पवार ने पुलिस के सामने भी गाड़ी में गोमांस होने का दावा किया। लेकिन जब पुलिस ने मौके पर ही टेम्पो की जांच की, तो गाड़ी पूरी तरह खाली पाई गई और उसमें कोई भी आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली। पुलिस ने टेम्पो चालक का पीछा करने,झूठी पहचान बताने, मारपीट और धमकी देने के आरोप में संजय रामप्रसाद सिंह (31) और स्मिता एकनाथ पवार (44) के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
दोनों आरोपी खुद को पत्रकार बताते हैं, फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है फर्जी पहचान के सहारे कानून हाथ में लेने का यह मामला कई सवाल खड़े करता है। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में आगे क्या कार्रवाई करती है।


रिपोर्टर - साबीर शेख

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.