नामी स्कूल को कार्रवाई की धमकी देकर 15 लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाले दो आरटीआई कार्यकर्ता गिरफ्तार
ठाणे : ठाणे पुलिस की खंडणी विरोधी (एंटी-एक्सटॉर्शन) टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नामी स्कूल के खिलाफ कथित अवैध निर्माण की शिकायत वापस लेने के बदले 15 लाख रुपये की रंगदारी वसूलने आए दो आरटीआई कार्यकर्ताओं को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ठाणे के चितळसर-मानपाड़ा स्थित सेंट झेवियर्स हाईस्कूल एवं जूनियर कॉलेज के प्रशासनिक अधिकारी बिरबल गोविंदा बंडगर ने पुलिस से शिकायत की थी कि राजवीर राजपूत और नारायण शर्मा नामक व्यक्तियों ने स्कूल के निर्माण को अवैध बताकर ठाणे महानगरपालिका में शिकायत दर्ज की है और स्कूल पर कार्रवाई कराने की धमकी देकर 25 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की है।
जांच के दौरान दोनों पक्षों के बीच 15 लाख रुपये में समझौता होने की जानकारी मिलने पर ठाणे क्राइम ब्रांच की एंटी-एक्सटॉर्शन टीम ने 25 जून को पाचपाखाडी स्थित श्रीपाल कॉम्प्लेक्स में जाल बिछाया। इस दौरान 15 लाख रुपये की रकम स्वीकार करते समय प्रमोद चंद्रकांत परदेशी उर्फ राजवीर राजपूत (46) और नारायण ओमप्रकाश शर्मा (38) को दोपहर 2:15 बजे रंगेहाथ पकड़ लिया गया।
इस मामले में नौपाड़ा पुलिस स्टेशन में बीएनएस की धारा 308(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अदालत ने दोनों को 29 जून 2026 तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। मामले की आगे की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक भूषण कापडणीस कर रहे हैं।
ठाणे पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि इन आरोपियों ने किसी अन्य व्यक्ति से भी रंगदारी की मांग की हो तो वे कोर्ट नाका स्थित क्राइम ब्रांच की एंटी-एक्सटॉर्शन सेल से संपर्क कर जानकारी दें।
रिपोर्टर : साबीर शेख
No Previous Comments found.