मुहर्रम जुलूस में संदिग्ध गोलियां बांटने वाला शख्स हिरासत में, बड़ी घटना टली

मुंबई - मुहर्रम जुलूस के दौरान पुलिस की सतर्कता से एक संभावित बड़ा हादसा टल गया। भायखळा इलाके में जुलूस के बीच एक व्यक्ति लोगों को संदिग्ध गोलियां बांटता हुआ पाया गया,जिसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में ले लिया। प्राथमिक पूछताछ में आरोपी ने दावा किया कि वह जो गोलियां बांट रहा था, वे साधारण पेनकिलर (दर्द निवारक दवाएं) हैं। हालांकि, जुलूस में मौजूद एक व्यक्ति ने ये गोलियां लेने के बाद उल्टी और घबराहट की शिकायत की, जिससे मामला गंभीर हो गया। पुलिस ने तुरंत गोलियों का वितरण रुकवाया और प्रभावित व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां अब उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

इस घटना के बाद मुंबई पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 123 के तहत मामला दर्ज किया है। साथ ही, जब्त की गई गोलियों को जांच के लिए भेजा गया है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे किस प्रकार की थीं और उनका उद्देश्य क्या था। पूरे मामले की जांच देवेन भारती और मनोज कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की गहराई से जांच कर रही है।

अब तक पुलिस ने इन गोलियों को जहरीला या किसी बड़े हमले की साजिश से जुड़ा होने की पुष्टि नहीं की है। इसलिए जांच पूरी होने तक किसी भी अफवाह या अपुष्ट दावों पर विश्वास न करने की अपील की गई है।

जुलूस में संदिग्ध गोलियां बांटने वाला शख्स पकड़ा गया एक व्यक्ति की तबीयत बिगड़ी,अस्पताल में भर्ती BNS 2023 की धारा 123 के तहत केस दर्ज गोलियों की फॉरेंसिक जांच जारी पुलिस ने अफवाहों से बचने की अपील की

रिपोर्टर - साबीर शेख

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.