एयर इंडिया में नौकरी के नाम पर बड़ा घोटाला, 11 आरोपी गिरफ्तार
मुंबई : पुलिस ने एयर इंडिया में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह बेरोजगार युवाओं को नौकरी का झांसा देकर उनसे पैसे ऐंठ रहा था।
यह कार्रवाई मुंबई पुलिस के पूर्वी प्रादेशिक विभाग के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त धनंजय कुलकर्णी के मार्गदर्शन में की गई। ऑपरेशन का नेतृत्व जोन 6 के पुलिस उपायुक्त समीर शेख और मानखुर्द पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक बिलाल अहमद ने किया।
पुलिस जांच के दौरान आरोपियों के पास से 9 लैपटॉप, 11 मोबाइल फोन और अन्य महत्वपूर्ण सामग्री बरामद की गई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी एयर इंडिया में नौकरी दिलाने का झूठा आश्वासन देकर युवाओं को निशाना बनाते थे।
पुलिस अब इस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गिरोह ने अब तक कितने लोगों को ठगा है और कुल कितनी रकम की धोखाधड़ी की गई है। साथ ही इस गिरोह के अन्य राज्यों से जुड़े होने की भी आशंका जताई जा रही है।
रिपोर्टर : साबिर शेख
No Previous Comments found.