अंबरनाथ में MD ड्रग्स नेटवर्क पर पुलिस का बड़ा शिकंजा!
मुंबई : अंबरनाथ में MD ड्रग्स के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। NDPS और महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण कानून यानी MCOCA के तहत दर्ज मामले में फरार चल रहे आरोपी अब्दुलमजीद उर्फ टोपी मोहम्मद पठाण को आखिरकार अंबरनाथ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी को विमको नाका इलाके से जाल बिछाकर पकड़ा गया। लेकिन सवाल यह है कि लगातार गिरफ्तारियों के बावजूद अंबरनाथ में MD ड्रग्स का कारोबार पूरी तरह बंद क्यों नहीं हो रहा?
दरअसल, अंबरनाथ पुलिस थाने में 18 अगस्त 2026 को MD ड्रग्स की बिक्री और उससे जुड़े मामले में NDPS एक्ट 1985 की धारा 8(C), 21(B), 22 और 29 के तहत अपराध दर्ज किया गया था।
इस मामले में पुलिस ने करोड़ों रुपये के ड्रग्स कारोबार से जुड़े आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की थी। मामले में महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम यानी MCOCA की धाराएं भी लगाई गई थीं।
इसी मामले में वांछित आरोपी अब्दुलमजीद उर्फ टोपी मोहम्मद पठाण, उम्र 50 वर्ष, निवासी चिंचपाड़ा, अंबरनाथ पश्चिम, काफी समय से फरार चल रहा था।
16 नवंबर 2026 को वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शब्बीर सय्यद को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी विमको नाका इलाके में आने वाला है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने जाल बिछाया। जांच टीम और बीट मार्शल की मदद से घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया गया। पुलिस ने 16 नवंबर की रात करीब 9 बजकर 7 मिनट पर उसे गिरफ्तार किया।
पुलिस अधिकारियों की निगरानी में कार्रवाई:
यह पूरी कार्रवाई ठाणे पुलिस आयुक्त आशुतोष डुंबरे, संयुक्त पुलिस आयुक्त ज्ञानेश्वर चव्हाण, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त संजय जाधव, पुलिस उपायुक्त सचिन गोरे और सहायक पुलिस आयुक्त शैलेश काळे के मार्गदर्शन में की गई।
अंबरनाथ पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शब्बीर सय्यद और पुलिस निरीक्षक (अपराध) अर्चना कटके के नेतृत्व में सहायक पुलिस निरीक्षक अविनाश गायकवाड, पुलिस उपनिरीक्षक शाहू काळदाते सहित पुलिस टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
सबसे बड़ा सवाल:
हालांकि, अंबरनाथ में MD ड्रग्स बेचने वालों के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। अलग-अलग मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारियां भी हो रही हैं, लेकिन इसके बावजूद शहर में नशे का कारोबार पूरी तरह खत्म होता दिखाई नहीं दे रहा है।
एक तरफ पुलिस फरार आरोपियों को पकड़ रही है, तो दूसरी तरफ ड्रग्स की सप्लाई और बिक्री को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं।
अब देखना यह होगा कि अब्दुल उर्फ टोपी की गिरफ्तारी के बाद इस मामले में जुड़े अन्य लोगों और कथित ड्रग्स नेटवर्क के बारे में क्या खुलासे होते हैं।
आखिर में सबसे बड़ा सवाल यही है...
आरोपी पकड़े जा रहे हैं, गिरफ्तारियां हो रही हैं, फिर भी अंबरनाथ में MD ड्रग्स का कारोबार पूरी तरह बंद कब होगा?
क्या पुलिस इस पूरे नेटवर्क की जड़ तक पहुंचकर अंबरनाथ को ड्रग्स मुक्त बना पाएगी?
रिपोर्टर - साबिर शेख

No Previous Comments found.