अंबरनाथ में युवती पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाला आरोपी हेमंत गुमाने गिरफ्तार, दो दिन से पुलिस कर रही थी तलाश
अंबरनाथ : अंबरनाथ पश्चिम में युवती विशाखा पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में अंबरनाथ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी हेमंत किरण गुमाने को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को 16 नवंबर 2026 की शाम फॉरेस्ट नाका स्थित महानगर गैस पंप के पास से हिरासत में लिया।
पुलिस के अनुसार, 14 नवंबर 2026 को शिकायतकर्ता की बड़ी बेटी विशाखा अंबरनाथ पश्चिम स्थित महाराष्ट्र हाउसिंग बोर्ड परिसर से काम पर जा रही थी। इसी दौरान आरोपी हेमंत गुमाने ने उसका पीछा किया और उसे रास्ते से जबरन स्कूल के मैदान, फुटपाथ और झाड़ियों के पास ले गया। आरोप है कि आरोपी ने युवती के साथ अभद्र व्यवहार किया और बातचीत को लेकर धमकी दी। इसके बाद उसने चाकू और मुक्कों से युवती पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
इस मामले में अंबरनाथ पुलिस स्टेशन में अपराध क्रमांक 688/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 78(2), 109(1), 118(2), 126(2), 351(3) और 352 के तहत मामला दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा किया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से चाकू और खून के नमूने सहित महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए। इसके अलावा घटनास्थल से कपड़े के टुकड़े और चप्पलें भी बरामद की गईं। जब्त किए गए साक्ष्यों को आगे की जांच के लिए फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला, कलिना भेजने की प्रक्रिया की गई।
मामले की जांच और आरोपी की तलाश के दौरान सहायक पुलिस निरीक्षक अविनाश गायकवाड तथा पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी फॉरेस्ट नाका स्थित महानगर गैस पंप के पास आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाया और 16 नवंबर की शाम आरोपी हेमंत किरण गुमाने को गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल अंबरनाथ पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है। इस कार्रवाई से युवती पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
रिपोर्टर - साबिर शेख

No Previous Comments found.