अंबरनाथ में पुलिसकर्मियों के लिए 100 करोड़ की भव्य पुलिस कॉलोनी मंजूर
अंबरनाथ : अंबरनाथ में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के आवास की लंबे समय से चली आ रही समस्या को दूर करने की दिशा में बड़ी पहल की गई है। अंबरनाथ पश्चिम पुलिस स्टेशन में कार्यरत पुलिसकर्मियों के लिए करीब 100 करोड़ रुपये की लागत से भव्य पुलिस आवासीय कॉलोनी बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है। इस परियोजना के तहत तीन बहुमंजिला इमारतों का निर्माण किया जाएगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कल्याण लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे के मार्गदर्शन और विधायक डॉ. बालाजी किणीकर के लगातार प्रयासों के चलते इस महत्वाकांक्षी परियोजना को मंजूरी मिली है। इसके लिए गृह विभाग और आवास विभाग के आयुक्त श्रीमती त्यागी तथा सचिव श्री फणसळकर के समक्ष लगातार पत्राचार और अनुवर्ती कार्रवाई की गई। इसी प्रयास के परिणामस्वरूप अंबरनाथ में 100 करोड़ रुपये का निधि उपलब्ध कराते हुए पुलिस कॉलोनी परियोजना को स्वीकृति प्रदान की गई है।
इसी क्रम में आज प्रस्तावित पुलिस कॉलोनी की जमीन का निरीक्षण किया गया। इस परियोजना के साकार होने से पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को बेहतर आवासीय सुविधाएं मिल सकेंगी। साथ ही उनके परिवारों को सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध होने की उम्मीद है।
गौरतलब है कि पुलिसकर्मी दिन-रात कानून-व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों की सुरक्षा के लिए अपनी सेवाएं देते हैं। ऐसे में उनके आवास की समस्या का समाधान उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इस अवसर पर अंबरनाथ पश्चिम पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शब्बीर सय्यद, पूर्व नगराध्यक्ष सुनील चौधरी, नगरसेवक एवं बांधकाम सभापति शैलेश भोईर, संदीप तेलंगे, रोहित महाडिक, नगरसेविका रोहिणी भोईर, संगीता गायकर, पूर्व नगरसेवक रवींद्र पाटील, शिवसेना पदाधिकारी किसन गायकर सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
100 करोड़ रुपये की इस महत्वाकांक्षी परियोजना से अंबरनाथ पुलिसकर्मियों के आवास का वर्षों पुराना सवाल हल होने की उम्मीद है। अब शहरवासियों की नजरें इस परियोजना के निर्माण कार्य शुरू होने और समय पर पूरा होने पर टिकी हैं।
रिपोर्टर : साबिर् शेख

No Previous Comments found.