मुंबई ACB की बड़ी कार्रवाई! ₹50 हजार की रिश्वत लेते पुलिस कांस्टेबल फरार, PSI हिरासत में

मुंबई :  मुंबई में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो यानी ACB ने रिश्वतखोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। वी. पी. मार्ग पुलिस स्टेशन में तैनात एक परिवीक्षाधीन पुलिस सब-इंस्पेक्टर को ACB ने हिरासत में लिया है, जबकि उसके साथ मौजूद एक पुलिस कांस्टेबल 50 हजार रुपये की रिश्वत की रकम लेकर फरार हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता और उसकी मां के खिलाफ वी. पी. मार्ग पुलिस स्टेशन में एक आपराधिक मामला दर्ज है। इस मामले की जांच कर रहे परिवीक्षाधीन PSI हरेश्वर यशवंत शेंडे ने कथित तौर पर दोनों को जांच में मदद करने के नाम पर 25-25 हजार रुपये, कुल 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।

रिश्वत देने की इच्छा नहीं होने पर शिकायतकर्ता ने 16 नवंबर को मुंबई ACB में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद 16 और 18 नवंबर को रिश्वत मांगने की पुष्टि के लिए जांच की गई।

18 नवंबर को ACB ने जाल बिछाया। इस दौरान PSI शेंडे ने रिश्वत की रकम अपने साथ ड्यूटी पर मौजूद पुलिस कांस्टेबल धनंजय दिलीप वायसे को देने के लिए कहा। कांस्टेबल ने कथित तौर पर 50 हजार रुपये स्वीकार कर लिए, लेकिन ACB टीम की भनक लगते ही वह रिश्वत की रकम लेकर फरार हो गया।

ACB ने PSI हरेश्वर शेंडे को शाम 7 बजकर 26 मिनट पर वी. पी. मार्ग पुलिस स्टेशन से हिरासत में लिया। दोनों पुलिसकर्मियों के मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। फरार कांस्टेबल की तलाश जारी है और आरोपी PSI के घर की तलाशी की कार्रवाई भी की जा रही है।

इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 और 12 के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी होने की जानकारी दी गई है।

अब सवाल यह है कि कानून की रक्षा करने की जिम्मेदारी निभाने वाले पुलिसकर्मी ही अगर रिश्वतखोरी के आरोपों में घिरें, तो आम जनता का भरोसा कैसे कायम रहेगा?


रिपोर्टर : साबिर शेख

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.