अंबरनाथ में बिल्डर की लापरवाही से मजदूरों और आम नागरिकों की जान खतरे में! फातिमा स्कूल के सामने सुरक्षा नियमों की अनदेखी का आरोप, सुजाता गायकवाड़ ने उठाई कार्रवाई की मांग

मुंबई : शहर के कैलाश नगर रोड स्थित फातिमा हाईस्कूल एवं कॉलेज के सामने चल रहे एक भवन निर्माण कार्य को लेकर मजदूरों और आम नागरिकों की सुरक्षा का गंभीर मुद्दा सामने आया है। निर्माण स्थल पर सुरक्षा नियमों का कथित उल्लंघन किए जाने और सार्वजनिक सड़क पर निर्माण सामग्री रखने को लेकर समाजसेविका एवं रुग्ण हक्क समिती की तालुका अध्यक्ष सुजाता गायकवाड़ ने आवाज उठाई है।

सुजाता गायकवाड़ द्वारा सामने लाए गए वीडियो में मजदूर बिना उचित सुरक्षा उपकरणों के ऊंचाई पर काम करते दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा बेल्ट, सेफ्टी हेलमेट, सुरक्षा जाल और अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई है। यदि ऊंचाई से लोहे की सामग्री, हथौड़ी, बांस या पत्थर नीचे गिरते हैं, तो मजदूरों के साथ-साथ सड़क से गुजरने वाले नागरिकों की जान भी खतरे में पड़ सकती है।

सुरक्षा नियमों की अनदेखी, हादसे का खतरा बढ़ा
निर्माण कार्य के दौरान मजदूरों की सुरक्षा के लिए निर्धारित नियमों और सावधानियों का पालन करना आवश्यक है। ऊंचाई पर काम करने वाले मजदूरों के लिए उचित फॉल प्रोटेक्शन, सेफ्टी बेल्ट, हेलमेट, सुरक्षा जाल और कार्यस्थल पर सुरक्षित व्यवस्था होनी चाहिए। लेकिन संबंधित निर्माण स्थल पर इन सुरक्षा उपायों की कथित अनदेखी किए जाने का मुद्दा उठाया गया है।
इतना ही नहीं, निर्माण सामग्री, गिट्टी, पाउडर, रेत और ईंटें सार्वजनिक सड़क पर उतारे जाने से भी नागरिकों की परेशानी बढ़ रही है। सड़क पर बिखरी निर्माण सामग्री के कारण दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने और दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है।

स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर भी सवाल
सबसे गंभीर पहलू यह है कि इसी रास्ते से फातिमा हाईस्कूल एवं कॉलेज के विद्यार्थी, बुजुर्ग, महिलाएं और अन्य नागरिक रोजाना आवाजाही करते हैं। ऐसे में निर्माण स्थल से कोई भारी वस्तु नीचे गिरने या सड़क पर रखी सामग्री के कारण दुर्घटना होने पर बड़ा हादसा हो सकता है।
सुजाता गायकवाड़ ने इस मामले में अंबरनाथ नगर परिषद प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने संबंधित निर्माण स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करने तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर विकासक और ठेकेदार के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करने की अपील की है।

क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है?
इस पूरे मामले ने अंबरनाथ नगर परिषद की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यह है कि यदि निर्माण स्थल पर सुरक्षा नियमों का पालन नहीं हो रहा है, तो संबंधित विभाग की ओर से अब तक क्या कार्रवाई की गई है?
अब देखना होगा कि नगर परिषद प्रशासन, श्रम विभाग और संबंधित अधिकारी इस शिकायत को कितनी गंभीरता से लेते हैं और नागरिकों की सुरक्षा के लिए क्या कदम उठाते हैं।
विकास के नाम पर मजदूरों की जिंदगी और आम जनता की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जा सकता। आखिरकार, इमारतें बनाना जरूरी है, लेकिन किसी की जान जोखिम में डालकर नहीं!

रिपोर्टर : साबिर शेख 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.