उल्हास नदी में मछलियों की सामूहिक मौत पर मनीषा पोळ आक्रामक; उच्चस्तरीय जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
बदलापुर : बदलापुर क्षेत्र से होकर बहने वाली उल्हास नदी में प्रदूषण के कारण बड़ी संख्या में मछलियों की मौत होने की घटना ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए स्माइल फाउंडेशन की अध्यक्ष तथा कुळगांव-बदलापुर शहर कांग्रेस कमेटी की पदाधिकारी मनीषा राजेश पोळ ने प्रशासन से उच्चस्तरीय जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
मनीषा पोळ का कहना है कि उल्हास नदी में लगातार बढ़ता प्रदूषण केवल जलीय जीवों के अस्तित्व के लिए ही खतरा नहीं है, बल्कि इससे पर्यावरण का संतुलन, नदी की जैव विविधता और आसपास रहने वाले नागरिकों के स्वास्थ्य पर भी गंभीर प्रभाव पड़ सकता है।
प्रशासनिक विभागों को लिखित शिकायत, RTI भी दाखिल
इस गंभीर मामले को लेकर मनीषा पोळ ने संबंधित सरकारी विभागों, प्रशासनिक अधिकारियों और पर्यावरण से जुड़े विभिन्न प्राधिकरणों के पास लिखित शिकायतें दर्ज कराई हैं। इसके अलावा नदी में प्रदूषण के वास्तविक कारणों, इसके लिए जिम्मेदार संस्थाओं, संबंधित विभागों द्वारा की गई कार्रवाई और पर्यावरण को हुए नुकसान की विस्तृत जानकारी प्राप्त करने के लिए सूचना के अधिकार (RTI) के तहत आवेदन भी दाखिल किए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि उल्हास नदी केवल पानी का स्रोत नहीं, बल्कि इस क्षेत्र की प्राकृतिक संपत्ति और हजारों जलीय जीवों का जीवन आधार है। यदि नदी में औद्योगिक या अन्य प्रकार का दूषित पानी छोड़ा जा रहा है, तो इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जिम्मेदार व्यक्तियों तथा संस्थाओं के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
प्रशासन के सामने रखीं छह प्रमुख मांगें
मनीषा पोळ ने प्रशासन से निम्नलिखित मांगें की हैं :
1. उल्हास नदी में मछलियों की सामूहिक मौत के वास्तविक कारणों की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराई जाए।
2. नदी के पानी और मृत मछलियों का वैज्ञानिक परीक्षण कराकर जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए।
3. नदी में दूषित पानी छोड़ने वाले उद्योगों और प्रदूषण के अन्य स्रोतों की पहचान कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
4. महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण मंडल (MPCB) और संबंधित विभागों द्वारा की गई जांच एवं कार्रवाई का पूरा विवरण जनता के सामने रखा जाए।
5. नदी के पर्यावरण को हुए नुकसान का आकलन कर उसकी सफाई और पुनर्जीवन के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए।
6. भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए नदी के पानी की नियमित गुणवत्ता जांच और प्रभावी निगरानी व्यवस्था लागू की जाए।
राहुल गांधी तक भी पहुंचाई गई शिकायत
मनीषा पोळ ने बताया कि इस गंभीर पर्यावरणीय मुद्दे से संबंधित शिकायत विपक्ष के नेता राहुल गांधी तक भी भेजी गई है। उन्होंने कहा कि नदियां हमारी प्राकृतिक धरोहर हैं और उन्हें प्रदूषण से बचाना केवल सरकार ही नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक इस मामले में ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक वह इस मुद्दे को संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के सामने लगातार उठाती रहेंगी। अब देखना होगा कि उल्हास नदी में मछलियों की सामूहिक मौत के मामले में प्रशासन और महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण मंडल क्या कदम उठाते हैं और नदी को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए कब ठोस कार्रवाई शुरू होती है।
मनीषा राजेश पोळ अध्यक्षा, स्माइल फाउंडेशन कुळगांव-बदलापुर शहर कांग्रेस कमेटी बदलापुर, जिला ठाणे, महाराष्ट्र
रिपोर्टर - साबिर शेख

No Previous Comments found.