ग्रीन इलेक्शन कैंपेनिंग: कुढ़नी में लोकतंत्र और पर्यावरण का संगम
मुजफ्फरपुर - बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में इस बार एक अनोखी और प्रेरक पहल देखने को मिल रही है। मुजफ्फरपुर के कुढ़नी विधानसभा क्षेत्र में चुनावी प्रक्रिया को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए “ग्रीन इलेक्शन कैंपेनिंग” की शुरुआत की गई है। इस पहल की शुरुआत कुढ़नी के सामान्य प्रेक्षक डॉ. हीरालाल ने की है। उनका मानना है कि लोकतंत्र का यह महापर्व तभी सार्थक होगा जब इसमें हरियाली और पर्यावरण की सुरक्षा का संदेश भी शामिल हो। डॉ.हीरालाल ने बताया कि कुढ़नी विधानसभा क्षेत्र के हर मतदान केंद्र पर पहले पांच मतदाताओं को एक-एक पौधा भेंट किया जाएगा। इसके साथ ही चार विशेष बूथों पर मतदान के दिन प्रत्येक बूथ पर 50-50 पौधे मतदाताओं के बीच वितरित किए जाएंगे। इस तरह कुल 1875 पौधे प्रतीकात्मक रूप से वितरित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस पहल से लोगों में मतदान के प्रति उत्साह बढ़ेगा और साथ ही पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी जागरूकता आएगी। “लोकतंत्र की मजबूती तभी संभव है जब हम अपने पर्यावरण की रक्षा के लिए भी सजग रहें। धरती की हरियाली बनाए रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है,”डॉ. हीरालाल, सामान्य प्रेक्षक, कुढ़नी विधानसभा। उन्होंने प्रखंड कार्यालय सभागार, कुढ़नी में बीएलओ, सुपरवाइजर और सेक्टर पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा की गई और सभी अधिकारियों को मतदाताओं को अधिकाधिक मतदान के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि चुनाव को “फेस्टिव मूड” में मनाने की जरूरत है, ताकि लोग मतदान केंद्रों तक उत्साहपूर्वक पहुंचें। बैठक में अंचलाधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी और अन्य अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने ग्रीन इलेक्शन कैंपेनिंग की इस पहल को सराहनीय बताया और कहा कि यह लोकतंत्र को “हरित और जागरूक” दिशा देने वाला कदम है। कुढ़नी की यह पहल मतदान को सिर्फ जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पर्यावरणीय संकल्प का उत्सव बना रही है।
रिपोर्टर - लखन यादव
No Previous Comments found.