नागालैंड में संदिग्ध जहरीली शराब का कहर, 19 लोगों की मौत
नागालैंड में संदिग्ध जहरीली या मिलावटी शराब पीने से 19 लोगों की मौत का मामला सामने आया है। पिछले दो दिनों में मोकोकचुंग और तुएनसांग जिलों के अलग-अलग इलाकों से मौतों की सूचना मिली है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच के लिए विशेष जांच टीम यानी SIT का गठन किया है।
पुलिस के मुताबिक, मोकोकचुंग में 8 और तुएनसांग में 11 लोगों की मौत हुई है। आशंका जताई जा रही है कि मृतकों ने मिलावटी या अवैध शराब का सेवन किया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वेसुप्रा केजो ने बताया कि मामले की जांच के लिए गठित SIT की कमान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आई बंगलांग चांग को सौंपी गई है। टीम मौतों की वास्तविक वजह का पता लगाने के साथ संदिग्ध मिलावटी शराब के स्रोत और उसकी सप्लाई चेन की भी जांच करेगी।
पुलिस के अनुसार जांच के दौरान कुछ सुराग मिले हैं, हालांकि इनके बारे में फिलहाल विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है। संदिग्ध शराब के सैंपल फॉरेंसिक जांच के लिए गुवाहाटी भेजे गए हैं, ताकि मौतों की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सके।
मामले में पुलिस ने कई स्थानों पर छापेमारी कर 19 लोगों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान करीब 3 हजार शराब की बोतलें भी जब्त की गई हैं। गौरतलब है कि नागालैंड में 1990 से शराबबंदी कानून लागू है। इसके बावजूद अवैध शराब की बिक्री और सप्लाई की आशंका सामने आई है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अज्ञात या बिना लेबल वाली शराब का सेवन न करें। शराब पीने के बाद चक्कर आना, धुंधला दिखाई देना, सांस लेने में परेशानी या बेहोशी जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत अस्पताल पहुंचने की सलाह दी गई है। मामले की जांच जारी है और शराब की सप्लाई से जुड़े लोगों की पहचान की जा रही है।

No Previous Comments found.