नवरात्रि पर्व पर नालछा में दो दिवसीय आत्मरक्षा शिविर आयोजित

नालछा - नवरात्रि के पावन अवसर पर नगर की बालिकाओं के आग्रह पर जावरा के वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर बलवंत सिंह देवड़ा द्वारा दो दिवसीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। श्री देवड़ा ने नालछा नगर के सभी गरबा पंडालों में पहुंचकर बालिकाओं को लव जिहाद जैसी सामाजिक कुरीतियों से सतर्क रहने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बालिकाएं चाहे स्कूल,कॉलेज या किसी भी स्थान पर हों,उन्हें किसी भी परिस्थिति में स्वयं को असहाय नहीं समझना चाहिए। इस दौरान उन्होंने मां भवानी के उदाहरण का उल्लेख करते हुए कहा कि जैसे मां भवानी ने असुरों का संहार करने के लिए तलवार उठाई थी,वैसे ही आज समाज में भी कई राक्षसी प्रवृत्ति के लोग घूमते हैं। उनसे बचाव के लिए आत्मरक्षा करना प्रत्येक बालिका के लिए बेहद आवश्यक है। प्रशिक्षण के दौरान बच्चियों को सेल्फ डिफेंस की महत्वपूर्ण तकनीकें सिखाई गईं। बलवंत सिंह देवड़ा ने कहा कि प्रत्येक बालिका के अंदर मां भवानी का स्वरूप विद्यमान है, जिसे पहचानकर वे किसी भी विपरीत परिस्थिति में साहस के साथ डटकर खड़ी हो सकती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यदि बालिकाएं आत्मविश्वास और धर्म-संस्कार के साथ जीवन जिएं, तो वे किसी भी प्रकार के षड्यंत्र या प्रलोभन का शिकार नहीं बनेंगी और हमारी संस्कृति व धर्म की रक्षा कर सकेंगी।

आत्मरक्षा शिविर में उमड़ा बालिकाओं का उत्साह

इस आत्मरक्षा शिविर में नगर और आसपास की लगभग 350 से अधिक बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर में शामिल हुई बच्चियों ने न केवल आत्मरक्षा की बारीकियां सीखीं, बल्कि वे एक-दूसरे के साहस और आत्मविश्वास से भी प्रेरित हुईं। आयोजन स्थल पर बालिकाओं के चेहरों पर उत्साह और गर्व स्पष्ट झलक रहा था। शिविर के अंत में बच्चियों ने आत्मरक्षा की प्रस्तुतियां देकर यह साबित किया कि यदि सही मार्गदर्शन और प्रशिक्षण मिले तो वे हर विपरीत परिस्थिति का डटकर सामना कर सकती हैं। दुर्गा ब्रिगेड ने निभाई अहम भूमिका यह आयोजन दुर्गा ब्रिगेड के आग्रह पर किया गया। दुर्गा ब्रिगेड की रानी राठौड़, दिशा यादव और अरुणा कुशवाहा ने इस सफल आयोजन के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। साथी दुर्गा ब्रिगेड टीम के द्वारा बताया गया कि बहुत ही जल्द सात दिवसीय शिविर का आयोजन भी नालछा नगर में किया जाएगा।

रिपोर्टर - अशोक मिरदवाल

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.