मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सादगी से प्रेरित धरमपुरी विधायक का बड़ा निर्णय
नालछा : कुछ समय पूर्व प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीआईपी कल्चर को त्यागते हुए अपने पुत्र अभिमन्यु यादव का विवाह अत्यंत सादगी के साथ सामूहिक विवाह समारोह में संपन्न कराया था। मुख्यमंत्री की इस पहल की पूरे प्रदेश में सराहना हुई और उनकी सरलता एवं सामाजिक सोच की व्यापक चर्चा रही।
इसी से प्रेरणा लेते हुए धरमपुरी विधायक श्री कालूसिंह ठाकुर ने भी एक अनुकरणीय निर्णय लिया है। विधायक श्री ठाकुर अपने सुपुत्र टोनी ठाकुर एवं अपनी दो भतीजियों का विवाह मुख्यमंत्री कन्यादान विवाह योजना अंतर्गत आयोजित होने वाले सामूहिक विवाह समारोह में कराने जा रहे हैं।
इस संबंध में विधायक श्री ठाकुर ने भोपाल पहुंचकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भेंट की एवं अपनी विधानसभा क्षेत्र धरमपुरी में सामूहिक विवाह समारोह आयोजित करने का आग्रह किया। साथ ही उन्होंने इसी आयोजन में अपने सुपुत्र एवं भतीजियों का विवाह संपन्न कराने की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री को कार्यक्रम में सम्मिलित होने का औपचारिक निमंत्रण भी प्रदान किया, जिसे मुख्यमंत्री ने सहर्ष स्वीकार कर लिया है।
उल्लेखनीय है कि धरमपुरी विधायक कालूसिंह ठाकुर अपनी सरलता, सादगी और जनसेवा के लिए पूरे प्रदेश में पहचाने जाते हैं। इससे पूर्व भी वे अपने पुत्र दीपक ठाकुर तथा भतीजे-भतीजियों का विवाह मुख्यमंत्री कन्यादान योजना अंतर्गत सामूहिक विवाह समारोह में करा चुके हैं।
विधायक श्री ठाकुर का मानना है कि विवाह जैसे सामाजिक संस्कारों में क्षणिक दिखावे एवं अनावश्यक फिजूलखर्ची के स्थान पर वही धन परिवार की आर्थिक मजबूती, बच्चों की शिक्षा और भविष्य निर्माण में लगाया जाना चाहिए। इससे न केवल परिवार सशक्त बनता है बल्कि समाज को भी एक सकारात्मक दिशा मिलती है।
धरमपुरी विधायक का यह कदम निश्चित रूप से समाज में सादगी, समानता और सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश देगा।
रिपोर्टर : अशोक मिरदवाल

No Previous Comments found.