बकरे के लालच में तेंदुआ हुआ पिंजरे में कैद
नर्मदापुरम - नर्मदा पुरम जिले के इटारसी तहसील के अंतर्गत आने वाली ऑर्डिनेंस फैक्ट्री परिसर आवासीय क्षेत्र और आसपास ग्रामीण क्षेत्रों में दहशत का कारण बने तेंदुए को वन विभाग ने आखिरकार पकड़ लिया। मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात करीब 3 से 4 बजे के बीच तेंदुआ पिंजरे में पहुंचा और कैद हो गया। सुबह इसकी जानकारी मिलते ही वन विभाग के अमले ने राहत की सांस ली। तेंदुए के पकड़े जाने से क्षेत्र के लोगों ने भी राहत महसूस की। 29 सितंबर को फैक्ट्री प्रबंधन की अनुमति मिलने के बाद वन विभाग ने अंकुर विद्यालय और अस्पताल परिसर के आसपास पिंजरा लगाया था। तेंदुए को आकर्षित करने के लिए इसमें बकरा बांधा गया। निगरानी के लिए वनकर्मियों की 12-12 घंटे की दो शिफ्ट में ड्यूटी लगाई गई थी।
स्वास्थ्य परीक्षण के बाद होगा फैसला
रेंजर अभिषेक शर्मा ने बताया कि तेंदुए के पकड़े जाने की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों और वन्यप्राणी चिकित्सकों को दी गई है। विशेषज्ञ चिकित्सक उसका स्वास्थ्य परीक्षण करेंगे। स्वस्थ पाए जाने पर वन विभाग के प्रोटोकॉल के अनुसार उसे सुरक्षित प्राकृतिक वास में छोड़ा जाएगा। रेस्क्यू के दौरान फॉरेस्ट गार्ड पांडरी विजय रैकवार, बागदेव चौकी प्रभारी अजय श्रीवास्तव सहित वन विभाग की टीम मौजूद रही।
तेंदुए के स्कूल और आवासीय क्षेत्र के आसपास नजर आने के बाद वन विभाग ने पिंजरा लगाकर निगरानी बढ़ा दी थी। दो शिफ्ट में कर्मचारी उसकी गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। आखिरकार बुधवार तड़के रेस्क्यू ऑपरेशन सफल रहा।
रिपोर्टर - संतोष सिंह चंदेल

No Previous Comments found.