इटारसी में पटाखों के अवैध भंडारण पर पुलिस का छापा, 2.50 लाख के पटाखे जब्त

इटारसी/नर्मदापुरम : त्योहारों के दौरान पटाखों के अवैध भंडारण और कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए इटारसी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 2 लाख 50 हजार रुपये मूल्य के पटाखे जब्त किए हैं। पुरानी इटारसी के कावड़ मोहल्ले में एक मकान की तलाशी के दौरान अलग-अलग किस्म के पटाखों के पैकेट मिलने से मामला सामने आया। पुलिस ने पटाखों के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मुखबिर की सूचना पर की गई कार्रवाई

15 अक्टूबर 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि पुरानी इटारसी के कावड़ मोहल्ला निवासी मनीष चौधरी के मकान में बड़ी मात्रा में पटाखों का भंडारण किया गया है। सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। उनके निर्देश पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मकान की विधिवत तलाशी ली।

कमरे में रखे मिले अलग-अलग किस्म के पटाखे

तलाशी के दौरान मकान के एक कमरे में बड़ी मात्रा में विभिन्न किस्म के पटाखों के पैकेट रखे मिले। पुलिस ने मौके पर मौजूद मनीष चौधरी से पटाखों के वैध दस्तावेजों के संबंध में पूछताछ की। आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने पटाखों को जब्त कर लिया। जब्त सामग्री का अनुमानित मूल्य करीब 2 लाख 50 हजार रुपये बताया गया है।

बीएनएस की धारा 288 के तहत प्रकरण दर्ज

पुलिस ने मनीष, पिता ब्रजमोहन मेहतो, निवासी कावड़ मोहल्ला, पुरानी इटारसी, जिला नर्मदापुरम के खिलाफ अपराध क्रमांक 977/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 288 में प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के तथ्यों और वैधानिक प्रक्रिया के अनुसार की जाएगी।

पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका

इस कार्रवाई में निरीक्षक सौरभ पांडे, उपनिरीक्षक सुरेश चौहान, आरक्षक 535 महेंद्र गुर्जर, आरक्षक 749 राजकुमार झपाटे, आरक्षक 714 अनिल पाल, आरक्षक 745 अजय खातरकर, आरक्षक 960 राकेश यादव तथा महिला आरक्षक 353 पूनम राजपूत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रिपोर्टर : संतोष सिंह चंदेल

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.